रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) की सब्सिडियरी कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) ने ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म KKR से 2069.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने केकेआर को 1.71 करोड़ इक्विटी शेयर आवंटित की है। शेयर आवंटन के बाद RRVL में KKR की शेयर हिस्सेदारी 1.17 फीसदी से बढ़कर 1.42 फीसदी हो गई है। इससे पहले इसी महीने रिलायंस इंडस्ट्रीज को 8.278 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर RRVL में एक फीसदी हिस्सेदारी बिक्री के लिए कतर निवेश प्राधिकरण से 8,278 करोड़ रुपये मिले थे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजार को दी जानकारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शनिवार को शेयर बाजार को बताया, “RRVL को आज एलिसम एशिया होल्डिंग्स-2 प्राइवेट लिमिटेड से 2,069.50 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई और KKR को 1,71,58,752 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए।” रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इसी महीने करीब 8.36 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर RRVL में 0.25 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए केकेआर के 2,069.50 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी।
KKR के पास 519 अरब डॉलर की संपत्ति
KKR के पास 30 जून 2023 तक मैनेजमेंट के तहत करीब 519 अरब डॉलर की संपत्तियां थीं। केकेआर का गठन 1976 में हुआ था। RRVL ने 2020 में 10.09 फीसदी हिस्सेदारी के लिए ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फंड्स से 47,265 करोड़ रुपये (लगभग 6.4 अरब डॉलर) जुटाए थे। उस समय कंपनी का वैल्यूएशन 4.2 लाख करोड़ रुपये से अधिक था। यह उस समय सेक्टर में सबसे बड़ा धन जुटाने का सौदा था।