सऊदी अरब के रेगिस्तानी इलाकों में सोने के बड़े भंडार मिलने की पुष्टि हुई है। यह भंडार सऊदी अरब की तेल पर निर्भरता घटाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। सऊदी की सरकारी खनन कंपनी मादेन (Maaden) के मुताबिक, हाल ही में हुई ड्रिलिंग और खोज के काम से सऊदी अरब के सऊदी अरब के गोल्ड रिजर्व में करीब 78 लाख औंस सोना जुड़ा है। कंपनी के बयान के मुताबिक, यह लगभग 221 टन सोना है जो चार बड़े एरिया में टारगेटेड ड्रिलिंग से मिला है, जिसमें पहले से मौजूद माइनिंग साइट और नई संभावनाएं दोनों शामिल हैं।
कंपनी के बयान के मुताबिक, जिन चार इलाकों में सोने के बड़े भंडार की पहचान हुई है, उनमें मंसूराह मस्साराह, उरुक 20/21, उम्म अस सलाम और वादी अल जॉ शामिल हैं। इनमें से वादी अल जॉ से अकेले ही अनुमानित औंस का बड़ा हिस्सा मिला है। मादेन ने बताया कि ये नतीजे चल रहे ऑपरेशन्स और शुरुआती चरण की नई खोज, दोनों का मिश्रण हैं, जो सऊदी अरब की जियोलॉजिकल बनावट में मौजूद गहरी खनिज संभावनाओं को दिखाते हैं।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अरेबियन शील्ड जो देश के कई हिस्सों में फैला एक प्रमुख भूवैज्ञानिक क्षेत्र है। यह इलाका कीमती धातुओं और अन्य खनिजों से भरपूर है। हालिया खोजें लंबे समय से जताई जा रही उम्मीदों को मजबूत करती हैं। इसके अलावा, ऐतिहासिक खनन स्थलों जैसे पुराने महद गोल्ड माइन के आसपास भी मिनरलाइज्ड जोन के विस्तार के संकेत मिले हैं, जिससे भविष्य के विकास की संभावनाएं और बढ़ी हैं।
ये खोजें ऐसे समय में सामने आई हैं जब सऊदी अरब अपने 'विजन 2030' रणनीति के तहत खनन सेक्टर का विस्तार कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य ऑयल रेवेन्यू पर निर्भरता कम करना और अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों को बढ़ावा देना है, जिसमें माइनिंग को अहम स्तंभ माना गया है। भंडार में लाखों औंस सोने का जुड़ना इस रणनीति के लिए बड़ी राहत है, और अधिकारियों ने आगे और एक्सप्लोरेशन व निवेश बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मजबूत खनन उद्योग खड़ा करने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और वर्कफोर्स ट्रेनिंग में लगातार निवेश जरूरी होगा। हालांकि, ये खोजें न केवल सोने के भंडार बढ़ाती हैं, बल्कि ग्लोबल साझेदारों और खनन कंपनियों की दिलचस्पी भी बढ़ाती हैं।
ग्लोबल स्तर पर ये नए भंडार सऊदी अरब को तुरंत दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड उत्पादकों देशों में शामिल नहीं करते, लेकिन यह संकेत जरूर हैं कि सऊदी अरब के लिए प्राकृतिक संपदा को देखने और उपयोग करने का नजरिया बदल रहा है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा
सरकार और खनन कंपनियों के आगे बढ़ने के साथ और विदेशी साझेदारों के जुड़ने पर इन खोजों के वास्तविक प्रभाव धीरे-धीरे स्पष्ट होंगे। इन इलाकों के आसपास के कस्बों और गांवों के लिए यह खोजें रोजगार, बेहतर सड़कें और नए निवेश का रास्ता खोल सकती हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।