कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने मंगलवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण को एक डिमांड नोटिस भेजा। नोटिस में चित्रा को स्टॉक एक्सचेंज के कामकाज में चूक से जुड़े एक मामले में 3.12 करोड़ रुपये का भुगतान करने को कहा गया है।
SEBI ने साथ में यह भी चेतावानी दी है कि अगर 15 दिनों के अंदर वह इस रकम का भुगतान नहीं करती है, तो उनकी संपत्तियों और बैंक खातों को सीज किया जा सकता है, साथ ही उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है।
चित्रा रामकृष्ण को यह नोटिस SEBI की तरफ से इसके पहले लगाए गए जुर्माने को चुका पाने में नाकाम रहने के बाद जारी किया गया गया।
सेबी ने 11 फरवरी को दिए आदेश में रामकृष्ण पर 3 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। रामकृष्ण पर यह जुर्माना NSE की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ रहते हुए अहम पदों पर नियुक्ति के दौरान नियमों का पालन नहीं करने और एक्सचेंज की गोपनीय सूचनाों को अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा करने के मामले को लेकर लगाया गया है।
चित्रा रामकृष्ण ने अपने कार्यकाल के दौरान आनंद्र सुब्रमण्य को NSE का ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर और बाद में अपना सलाहकार नियुक्त किया था। चित्रा रामकृष्ण के अलावा SEBI ने इस मामले में रामकृष्ण से पहले NSE के सीईओ रहे रवि नारायण और इसके पूर्व ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर आनंद्र सुब्रमण्य पर भी जुर्माना लगाया था।
ताजा नोटिस में सेबी ने रामकृष्ण को 15 दिन के भीतर 3.12 करोड़ रुपये भुगतान करने को कहा है। इसमें ब्याज और वसूली लागत शामिल है। जुर्माने का भुगतान नहीं करने पर SEBI उनकी चल और अचल संपत्ति को बेचकर इसकी वसूली करेगा।
NSE की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। सीबीआई (CBI) ने एनएसई ‘को-लोकेशन’ घोटाला मामले में उन्हें छह मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा ईडी भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर उनके खिलाफ जांच कर रही है। ईडी ने पिछले महीने को-लोकेशन मामले में शामिल दलालों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।