Shakti Bhog CMD Arrests: दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने गुरुवार को शक्ति भोग फूड लिमिटेड के CMD को धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, आरोपी की पहचान केवल कृष्ण कुमार (Shakti Bhog CMD Kewal Krishan Kumar) के रूप में हुई है। बयान में कहा गया है कि कुमार और कंपनी के अन्य आरोपी डायरेक्टरों ने शिकायतकर्ता को कच्चे माल की खरीद के लिए 10 करोड़ रुपये के पोस्ट डेटेड चेक जारी किए थे। लेकिन चेक भुनाए नहीं जा सके, क्योंकि कंपनी का खाता पहले ही ‘ब्लॉक’ कर दिया गया था। बयान के अनुसार, मामले में आगे जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में एक अन्य मामले में केवल किशन कुमार जमानत पर बाहर आया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मैसर्स शक्ति भोग फूड्स लिमिटेड के सीएमडी केवल किशन कुमार को गिरफ्तार किया था। ED ने दिल्ली और हरियाणा में कुमार के 9 ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। इस दौरान कई संदिग्ध डॉक्टूमेंट्स और डिजिटल साक्ष्य एजेंसी के हाथ लगे थे।
ED के अलावा केंद्रीय जांच ब्यूरों यानी CBI ने भी केवल किशन कुमार के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने, धोखाधड़ी और आपराधिक व्यवहार के आरोप में FIR दर्ज की थी। इसी के आधार पर ED ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। शक्ति भोग आटा के CMD पर अपनी कंपनियों के जरिए फंड की हेराफेरी का आरोप है।
बता दें कि शक्ति भोग फूड्स लिमिटेड दिल्ली-NCR की मशहूर कंपनी है। यह शक्ति भोग आटा, चावल, बिस्कुट और कुकीज बनाती है। इस साल की शुरुआत में केंद्रीय जांच एजेंसी ने 10 बैंकों को 3,269.42 करोड़ रुपये का चपत लगाने के आरोप में कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कंपनी के सभी अकाउंट की जांच की जा रही है।