दिवंगत इंडस्ट्रियलिस्ट संजय कपूर के 30000 करोड़ रुपये के बिजनेस एंपायर को लेकर लड़ाई हर गुजरते दिन के साथ और भी खराब होती जा रही है। अब संजय कपूर की बहन मंदिरा ने संजय की पत्नी प्रिया सचदेव पर निशाना साधा है। हाल ही में एक इंटरव्यू में मंदिरा ने प्रिया को 'फ्रॉड' कहा है। गाड़ियों के लिए कलपुर्जे बनाने वाली सोना BLW प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (Sona Comstar) के चेयरमैन संजय कपूर 12 जून 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह गए। लंदन में पोलो खेलते समय उनका निधन हो गया।
शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। बाद में ऐसी खबरें आईं कि पोलो खेलते वक्त उन्होंने गलती से एक मधुमक्खी निगल ली, जिसके कारण उन्हें एलर्जी हुई और दिल का दौरा पड़ा।
पूजा चौधरी के साथ पॉडकास्ट इनकंट्रोवर्शियल पर मंदिरा ने कहा, "आपको NDA (नॉन डिस्क्लोजर एग्रीमेंट) चाहिए था। आपको सीलबंद लिफाफे में विल चाहिए थी। और अब आपको फोरेंसिक नहीं चाहिए। आप क्या छिपा रही हैं? हम और कितने खेल खेलने वाले हैं?" मंदिरा ने आगे कहा, "जहां तक मेरा सवाल है, मैं इसके लिए आखिर तक लड़ूंगी। वह कौन होती है ट्यूशन फीस न देने वाली? यह उसका पैसा नहीं है, जिस पर उसने दावा किया है। यह पूरी तरह से डकैती है। इसे ही बड़ी चोरी कहते हैं। इसे ही बड़ा फ्रॉड कहते हैं। और इस देश को जागकर यह देखने की जरूरत है।"
मंदिरा ने प्रिया पर बार-बार ट्रांसपेरेंसी का विरोध करने का आरोप लगाया है और दावा किया है कि संजय की मौत के कुछ घंटों बाद उनकी मां रानी कपूर से बंद दरवाजों के पीछे पेपर्स पर साइन करवाए गए। मंदिरा के मुताबिक, “मेरी मां को नहीं पता कि उन्होंने क्या साइन किया। वह बहुत दुखी और कमजोर थीं। इस परिवार से वह सब कुछ छीन लिया गया, जो हमारा था।” मंदिरा ने कहा, “एक परिवार है, जिसमें हम 5 लोग थे जिन्होंने डैड के साथ मिलकर इसे बनाया था। आप हमें अलग नहीं कर सकते।”
सोना समूह की पूर्व चेयरपर्सन, कंपनी के फाउंडर सुरिंदर कपूर की पत्नी और संजय की मां रानी कपूर भी आरोप लगा चुकी हैं कि संजय कपूर की मौत के बाद भावनात्मक तनाव के दौरान उनसे जबरदस्ती डॉक्युमेंट साइन कराए गए। साथ ही उन्हें उनके वित्तीय खातों की एक्सेस नहीं दी गई। लेकिन सोना कॉमस्टार का कहना है कि संजय कपूर के निधन के बाद रानी कपूर से किसी भी डॉक्युमेंट पर साइन नहीं लिए गए हैं।
संजय कपूर की दौलत को लेकर क्या लड़ाई?
बिजनेसमैन संजय कपूर की मौत के बाद से ही उनका परिवार उनकी वसीयत और एसेट्स को लेकर लड़ रहा है। प्रिया, संजय कपूर की तीसरी पत्नी हैं। 2017 में दोनों की शादी हुई। संजय कपूर, एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति भी थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में उनका तलाक हो गया। संजय की सबसे पहली पत्नी का नाम नंदिता महतानी है। दोनों की शादी साल 1996 से 2000 तक चली।
करिश्मा कपूर के बच्चे, समायरा और कियान, अपने गुजर चुके पिता संजय कपूर के एसेट्स में हिस्सा मांगने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गए हैं। अपनी पिटीशन में दोनों बच्चों ने दावा किया कि उनकी सौतेली मां, प्रिया सचदेव ने संजय की वसीयत में जालसाजी की है। हाल ही में बच्चों ने प्रिया सचदेव के खिलाफ एक नई पिटीशन भी फाइल की है, जिसमें मांग की गई है कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक उन्हें संजय की किसी भी प्रॉपर्टी को ट्रांसफर करने से रोका जाए। इस रिक्वेस्ट पर हियरिंग 20 नवंबर को होगी।