स्पाइसजेट (SpiceJet) की 50 फीसदी उड़ानों पर लगी रोक को एक महीने और बढ़ा दिया है। एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए (DGCA) ने बुधवार 21 सितंबर को जारी एक आदेश में कहा कि स्पाइसजेट की 50 फीसदी उड़ानों पर लगी रोक को अब 29 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। DGCA ने बीते 27 जुलाई को SpiceJet को अधिकतम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ानें संचालित करने का आदेश दिया था। यह आदेश आठ सप्ताह के लिए था।
DGCA ने यह कार्रवाई SpiceJet की कई उड़ानों में हाल ही में तकनीकी खामियों की शिकायत आने के बाद की थी। DGCA ने तब अपने आदेश में कहा था, "विभिन्न जगहों पर स्पॉट चेकिंग, जांच और स्पाइसजेट की तरफ से कारण बताओ नोटिक का दिए गए जवाब को ध्यान में रखते हुए, एक सुरक्षित और विश्वसनीय हवाई उड़ान सेवा को जारी रखने के लिए, स्पाइसजेट की गर्मियों के सीजन के लिए मंजूर उड़ानों की संख्या अगले 8 हफ्तों के लिए 50 फीसदी पर सीमित की जाती है।"
DGCA ने आज जारी अपने अपने आदेश में कहा, "समीक्षा से पता चलता है कि सुरक्षा खामियों से जुड़ी घटनाओं में काफी कमी आई है। हालांकि, अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए सक्षम अथॉरिटी ने फैसला किया है कि 27 जुलाई, 2022 के आदेश में लगाए गए प्रतिबंध 29 अक्टूबर 2022 तक लागू रहेंगे।'' इस दौरान एयरलाइंस साल 2022 की समर शेड्यूल के तहत मंजूर उड़ानों का 50 प्रतिशत उड़ानें ही संचालित कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त उड़ानों के लिए DGCA की अनुमति लेनी होगी।
बता दें कि स्पाइसजेट की उड़ानों में 19 जून से 6 जुलाई के बीच तकनीकी गड़बड़ी के कम से कम 8 मामले सामने आए थे। इसी के बाद डीजीसीए ने बीते 6 जुलाई को स्पाइसजेट को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया था। DGCA ने स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी करते समय कहा था कि 'एयरक्राफ्ट रूल्स 1937' के तहत एक सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय हवाई सेवा को सुनिश्चत करने में नाकाम रही है। रेगुलेटर ने स्पाइसजेट के जिम्मेदार मैनेजर को तीन सप्ताह के अंदर कारण बताने को कहा है कि आखिर उस पर कार्रवाई क्यों न की जाए। इसी के बाद उसके उड़ानों पर प्रतिबंध लगाए गए थे।
स्पाइसजेट काफी समय से नकदी संकट का सामना कर रही है। स्पाइसजेट ने जून तिमाही में 789 करोड़ रुपये और मार्च तिमाही में 458 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया था। उड़ानों पर रोक ने उसकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। कंपनी ने 21 सितंबर से 80 पायलटों को तीन महीने के लिए बिना वेतन छुट्टी पर भेज दिया है।
इस बीच स्पाइसजेट के शेयर बुधवार 21 सितंबर को एनएसई पर 3.67 फीसदी बढ़कर 41.95 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों में साल 2022 में अब तक करीब 38 की गिरावट आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव करीब 46 फीसदी गिरा है।