किराए पर इलेक्ट्रिक स्कूटर उपलब्ध कराने वाली दिग्गज स्टार्टअप युलु (Yulu) अब एक और बड़ा धमाका करने वाली है। इसकी योजना अब इंडिविजुअल यूजर्स के लिए कम स्पीड वाले ई-स्कूटर पेश करने की है। अभी यह युलु मिरेकल (Yulu Miracle) के जरिेए डेली आने-जाने वाले लोगों और युलु डेक्स (Yulu Dex) के जरिए डिलीवरी एग्जेक्यूटिव्स को सर्विसेज मुहैया कराती है। अब इसकी योजना सीधे एंड यूजर्स को अपने प्रोडक्ट्स बेचने की है। कंपनी ने रिटेल यूजर्स के लिए मिरेकल जीआर और कॉमर्शियल यूजर्स के लिए डेक्स जीआर की तीसरी जेनेरेशन लाने के लिए बजाज ऑटो से हाथ मिलाया है। इनकी बिक्री और कॉमर्शियल यूजर्स को होगी।
Yulu ने क्यों बनाई इसकी स्ट्रैटजी
युलु के सीईओ और को-फाउंडर अमित गुप्ता ने मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा कि उनके कई ग्राहकों ने शेयर्ड मोबिलिटी वेइकल्स को व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए खरीदने की बात की थी। ऐसे में युलु ने इसे सीधे कंज्यूमर को भी बेचने का फैसला कर लिया है। कंपनी के लिए एक और पॉजिटिव यह है कि चूंकि इसका ई-स्कूटर मौजूदा प्रोडक्ट्स से काफी मिलता-जुलता होगा तो इसके आरएंडडी (R&D) की लागत भी कम होगी।
अभी युलु की जेनेरेशन 2 और जेनेरेशन 3 ईवी पर्सनल गाड़ी के तौर पर बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ये दोनों गाड़ियां मोबिलिटी-ऐज-अ-सर्विस (MaaS) का हिस्सा हैं। इस सर्विस के तहत युलु छोटी दूरियों के लिए दो रुपये प्रति मिनट के हिसाब से जबकि हैवी यूजर्स के लिए वीकली प्लान ऑफर किया जाता है। वीकली प्लान 229 रुपये से शुरू है और यह 1200 रुपये तक जा सकता है।
कारोबारी मॉडल में भी बदलाव की तैयारी
युलु के फाउंडर का कहना है कि पहले इसका कारोबारी मॉडल स्कूटर किराए पर देने की थी यानी स्कूटर-ऐज-अ-सर्विस ऑफर करने की थी। हालांकि अब कंपनी की योजना 'बैट्री-ऐज-अ-सर्विस' ऑफर भी करने की है। इसका मतलब हुआ कि कंज्यूमर न सिर्फ गाड़ी खरीद सकते हैं बल्कि बैट्री के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल ले भी सकते हैं।
इस साल 2023 के आखिरी तक कंपनी की योजना दिल्ली, मुंबई और बंगलुरु समेत कई शहरों में करीब एक लाख बी2बी और बी2सी कंज्यूमर्स की कैटेगरी में जेनेरेशन 2 और जेनेरेशन 3 की करीब एक लाख गाड़ियों को सड़कों पर उतारने की है। युलु ने वित्त वर्ष 2022 में 30 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल किया था और अब वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 8 गुना अधिक टर्नओवर का अनुमान लगाया है।