Hubilo layoff: वैश्विक मंदी के डर से दुनियाभर की कंपनियों में हो रही छंटनी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस लिस्ट में अब एक और कंपनी Hubilo का नाम जुड़ गया है। Hubilo एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस और इवेंट मैनेजमेंट स्टार्टअप है, जिसने अपने 35 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। इसके तहत 115 कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। कंपनी ने मनीकंट्रोल को बताया, “कंपनी को यह कठिन निर्णय लेना पड़ा क्योंकि हम ग्लोबल मैक्रो-इकोनॉमिक दबावों के कारण बिजनेस को पूरी तरह से रिस्ट्रक्चर कर रहे हैं। इससे लगभग 115 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।"
महामारी के दौरान की थी जमकर हायरिंग
उन्होंने आगे बताया कि हटाए गए कर्मचारियों को अलग पैकेज का भुगतान किया गया और प्लेसमेंट सपोर्ट भी दिया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें नई नौकरियां मिलें। बता दें कि कंपनी ने 2020 और 2021 में कोरोना महामारी के दौरान वर्चुअल इवेंट्स के बढ़ने के चलते जमकर हायरिंग की थी। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि Hubilo अब फिजिकल इवेंट्स पर फोकस करेगा क्योंकि महामारी के चलते लगे लॉकडाउन और प्रतिबंध हटा दिए गए हैं। वीडियोकांफ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म को महामारी के बाद दिक्कतों का सामना करना पड़ा है और इनके रेवेन्यू में गिरावट देखी गई है। उदाहरण के लिए Zoom का इस्तेमाल महामारी के दौरान काफी बढ़ गया था, लेकिन महामारी के बाद इसके रेवेन्यू में गिरावट आई है। कंपनी ने अपने 2023 के रेवेन्यू गाइडेंस को भी कम कर दिया है।
2015 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
Hubilo की स्थापना वैभव जैन और मयंक अग्रवाल ने 2015 में की थी। इसे एक वर्चुअल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म और वर्चुअल इवेंट ऑर्गनाइजेशन प्लेटफॉर्म के रूप में शुरू किया गया था। कंपनी का दावा है कि इसके पास फेसबुक, वॉलमार्ट और संयुक्त राष्ट्र सहित 1000 से अधिक क्लाइंट हैं। कंपनी ने कहा, "हमने अपनी रणनीति बदल दी है और हमने 2023 और उसके बाद के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए हैं। एक कंपनी के रूप में हम बहुत अच्छी तरह से कैपिटलाइज्ड हैं और हम अब फिजिकल इवेंट्स पर अधिक फोकस करेंगे।" पांच महीने पहले कंपनी ने पहले दौर की छंटनी में अपने 12 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। कंपनी ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि ऑनलाइन इवेंट्स की मांग लॉकडाउन हटने के बाद कम हो गई थी।
इस हफ्ते इन कंपनियों ने की छंटनी
इस हफ्ते कई और कंपनियों ने भी छंटनी का ऐलान किया है। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, GoMechanic, क्रिप्टो एक्सचेंज CoinDCX , Vodafone, Ola, Goldman Sachs , ShareChat और Dunzo जैसी कंपनियां शामिल हैं। बता दें कि इस समय पूरी दुनिया पर मंदी का खतरा मंडरा रहा है. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल मंदी के आसार हैं. ऐसे में कई बड़ी कंपनियों ने छंटनी शुरू कर दी है।