Insurtech startup InsuranceDekho : इंश्योरटेक स्टार्टअप इंश्योरेंसदेखो ने सीरीज ए फंडिंग में इक्विटी और डेट के रूप में 15 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाने का ऐलान किया है। स्टार्टअप ने मंगलवार, 14 फरवरी को यह ऐलान करते हुए कहा कि यह फंडिंग गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट और टीवीएस कैपिटल फंड्स की अगुआई वाले इनवेस्टर्स से ली गई है। यह फंडिंग इसलिए भी अहम है, क्योंकि भारत के स्टार्अटअप सेक्टर को एक लंबे अरसे से फंडिंग की कमी का सामना करना पड़ रहा है। फंडिंग के इस राउंड में इनवेस्टकॉर्प, अवतार वेंचर्स और लीपफ्रॉग इनवेस्टमेंट्स ने भी भाग लिया है।
कारदेखो की इंश्योरेंस आर्म है InsuranceDekho
2016 में अंकित अग्रवाल और ईश बब्बर द्वारा स्थापित InsuranceDekho, कार सेलिंग यूनिकॉर्न कारदेखो (CarDekho) की इंश्योरेंस आर्म है। भले ही कोफाउंडर और सीईओ अग्रवाल ने इस राउंड की वैल्युएशन पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन मिंट की नवंबर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी वैल्युएशन लगभग 45-50 करोड़ डॉलर आंकी जा रही है।
मनीकंट्रोल को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 करोड़ डॉलर की इस फंडिंग में इक्विटी और कर्ज दोनों शामिल है।
300-400 शहरों में जाने का लक्ष्य
अग्रवाल ने मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा, “इस फंडिंग के साथ, हम भारत के लिए आगे आना चाहते हैं और अपने डिस्ट्रीब्यूशन को अन्य 300-400 शहरों में ले जाना चाहते हैं। अपने प्रोडक्ट्स् को तैयार करना जारी रखना चाहते हैं, ब्रांडिंग पर काम करना चाहते हैं, और कुछ मर्जर और एक्विजिशन के अवसरों को देखना चाहते हैं जिन्हें हमने टेक्नोलॉजी और दूसरे क्षेत्रों में विस्तार के लिए पहचाना है।”
स्टार्टअप नई पेशकशों पर भी काम कर रहा है और उसकी अपनी एमएसएमई और लाइफ इंश्योरेंस पोर्टफोलियो ऑफरिंग्स के विस्तार की योजना है। गुरुग्राम के स्टार्टअप के लिए यह पहली बाहरी इंस्टीट्यूशन फंडरेजिंग है। इससे पहले कंपनी ने 2020 में आंतरिक तौर पर कारदेखो से 2 करोड़ डॉलर जुटाए थे।