Sunjay Kapur Death: सोना कॉमस्टार ग्रुप के उत्तराधिकार को लेकर सास और बहू के बीच चल रही लड़ाई अब इंटरनेशनल मोड़ ले चुकी है। ग्रुप के चेयरमैन संजय कपूर (Sunjay Kapur) की मां रानी कपूर (Rani Kapur) ने ब्रिटिश अथॉरिटीज को लिखे एक लेटर में अपने बेटे की मौत को अंतरराष्ट्रीय साजिश और सुनियोजित हत्या बताया है। एक चौंकाने वाली चिट्ठी में रानी कपूर ने दावा किया है कि उनके पास ऐसे "विश्वसनीय सबूत" हैं, जो यह संकेत देते हैं कि संजय कपूर की मौत सिर्फ एक हादसा या नेचुरल कारणों से नहीं हुई, बल्कि इसमें हत्या, साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे गंभीर पहलू शामिल हो सकते हैं।
संजय कपूर की मौत के लेकर बड़ा दावा
रानी कपूर ने यह भी दावा किया है कि इन सबमें उन लोगों की मिलीभगत हो सकती है जिन्हें संजय कपूर की मौत के बाद आर्थिक लाभ मिला - इशारा संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर की ओर था। अपनी चिट्ठी में रानी कपूर ने ब्रिटिश अधिकारियों को बताया, "ऐसे ठोस कारण हैं जिससे यह शक होता है कि संजय कपूर की हत्या एक सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हो सकती है। इसमें यूके, भारत और शायद अमेरिका के लोग और संस्थाएं शामिल हो सकती हैं।" रानी कपूर ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे बेटे की मौत के शोक में जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। उन्होंने Sona Comstar की AGM रोकने की मांग करते हुए दावा किया कि प्रिया सचदेव को परिवार की तरफ से बोलने का कोई वैध अधिकार नहीं है क्योंकि उनके पास मौजूद दस्तावेज दबाव से हासिल किए गए हैं।
'रानी कपूर नहीं हैं शेयरहोल्डर'
25 जुलाई को रानी कपूर ने अपने कानूनी प्रतिनिधियों के जरिए सोना कॉम्स्टार के बोर्ड को चिट्ठी लिखकर कंपनी की एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) को पोस्टपोन (आगे बढ़ाने) करने की मांग की थी। उन्होंने संजय की मौत के बाद परिवार की विरासत पर कब्जा करने, दबाव डालने और दस्तावेजों के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। कंपनी Sona BLW Precision Forgings Ltd ने तुरंत पलटवार करते हुए स्टॉक एक्सचेंज में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा कि रानी कपूर 2019 से किसी भी प्रकार की शेयरधारक नहीं हैं। 2019 की "declaration of significant beneficial ownership" के अनुसार संजय कपूर ही एकमात्र लाभार्थी थे। कंपनी ने यह भी कहा कि रानी कपूर द्वारा दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाने का दावा तथ्यहीन है क्योंकि संजय कपूर की मृत्यु के बाद उनसे कोई दस्तावेज नहीं लिया गया।
प्रिया ने अब तक नहीं तोड़ी चुप्पी
पिछले सप्ताह Sona Comstar ने रानी कपूर को ‘cease and desist’ नोटिस भेजते हुए कहा कि उनके आरोप कंपनी की छवि खराब कर रहे हैं। हालांकि, प्रिया सचदेव कपूर की तरफ से इस पूरे मामले में अब तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है।
बता दें कि बिजनेसमैन संजय कपूर का 12 जून को लंदन में निधन हो गया था। वह 53 साल के थे। सोना कॉमस्टार ने एक आधिकारिक बयान में कहा था कि उनका निधन हार्ट अटैक आने से हुआ है। संजय कपूर सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। इस कंपनी की वैल्यू 30 हजार करोड़ रुपए है।