अपने कर्मचारियों को अब गोल्ड में सैलरी देगा यह CEO, कहा- 'करेंसी की घट रही वैल्यू'

महंगाई के असर को कम करने के लिए Tallymoney कंपनी के CEO ने अपने कर्मचारियों को अब से Gold में सैलरी देने का ऐलान किया है

अपडेटेड May 15, 2022 पर 6:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कैमरुन पेरी, टैलीमनी कंपनी के सीईओ

लदंन के एक सीईओ ने अपने कर्मचारियों को अब से सोने (Gold) में सैलरी देने का ऐलान किया है। सीईओ का कहना है कि इससे कर्मचारियों को महंगाई से मुकाबला करने में मदद मिलेगी। इस सीईओ का नाम कैमरुन पेरी (Cameron Parry) है, जो टैलीमनी (TallyMoney) नाम की एक फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी को चलाते हैं।

एक स्थानीय अखबार 'सिटी एम' से बात करते हुए कैमरुन ने कहा कि कई बार यह साबित हो चुका है कि महंगाई के खिलाफ गोल्ड सबसे सुरक्षित विकल्प है। उन्होंने कहा, "इंग्लैंड में महंगाई का दौर एक बार फिर से शुरू होता दिख रहा है। ऐसे समय में पारंपरिक मुद्रा की वैल्यू कम होने लगती है। वहीं सोना उन्हें महंगाई से एक कदम आगे रखने का मौका देता है।"

पैरी ने कहा कि ब्रिटिश पाउंड की परचेज वैल्यू तेजी से घट रही है, जबकि सोने की कीमतों में इस साल धीरे-धीरे बढ़ोतरी दिख रही है। उन्होंने अखबार को बताया, "रहने खाने की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में कर्मचारियों को पाउंड में सैलरी हाइक देने का कोई मतलब नहीं रह जाता है क्योंकि इसकी वैल्यू हर दिन के साथ घटती जाती है। बड़े घाव पर मरहम-पट्टी की जरूरत होती है, वहां सिर्फ बैंड-एड लगा कर नहीं काम चलाया जा सकता है।"


यह भी पढ़ें- विदेशी निवेशकों का भारतीय बाजार से अंधाधुंध पैसा निकालना जारी, मई में अब तक ₹25,200 करोड़ की बिकवाली

टैलीमनी में करीब 20 कर्मचारी है और फिलहाल कंपनी ने सिर्फ सीनियर कर्मचारियों को गोल्ड में पेमेंट करना शुरू किया है। पैरी खुद भी अपनी सैलरी अब गोल्ड में ले रहे हैं। हालांकि कंपनी ने गोल्ड में सैलरी देना अनिवार्य नहीं बनाया है। कर्मचारियों के पास विकल्प है कि वह चाहे तो गोल्ड में सैलरी ले सकते हैं या पाउंड्स में।

इंग्लैंड में रहने-खाने की लागत लगातार बढ़ रही है और ब्रिटिश पाउंड की वैल्यू पिछले 2 सालों के अपने निचले स्तर पर है। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने हाल ही चेतावनी दी है कि साल 2022 का साल आर्थिक रूप से मंदी का साल रह सकता है। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने देश में बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए हाल में ब्याज दरों में बढ़ोतरी का ऐलान भी किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।