आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। दरअसल, कंपनी में वर्क फ्रॉम होम की सुविधा खत्म होने के बाद कई महिला कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ने का मन बना लिया है। इन महिला कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर इस्तीफा देना शुरू कर दिया है। कोरोना महामारी के दौरान TCS ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की छूट दी थी। हालांकि, अब कंपनी का मानना है कि स्थिति लगभग सामान्य हो गई है, ऐसे में कर्मचारियों को ऑफिस लौटना चाहिए। हाल ही में कंपनी ने अपने कर्मचारियों को तुरंत ऑफिस में रिपोर्ट करने के लिए कहा था।
TCS को महिलाओं को रोजगार के कई अवसर देने के लिए जाना जाता है। कंपनी अब तक वर्कफोर्स में जेंडर डायवर्सिटी पर जोर देती आई है। कंपनी का दावा है कि वर्क फ्रॉम होम की सुविधा खत्म किए जाने के चलते महिला कर्मचारी बड़े पैमाने पर इस्तीफा दे रहे हैं।
टीसीएस के ह्यूमन रिसोर्स के हेड मिलिंद लक्कड़ के मुताबिक कंपनी द्वारा कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा बंद करने के बाद महिला कर्मचारियों के अधिक इस्तीफे हुए हैं। लक्कड़ ने कहा कि हालांकि और भी कारण हो सकते हैं, लेकिन यह पहला कारण है। उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि महिला कर्मचारियों का इस्तीफा किसी तरह के भेदभाव के चलते नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर टीसीएस में महिलाएं पुरुषों की तुलना में कम इस्तीफा देती हैं। हालांकि, अब इस्तीफा देने वाली महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक हो गई है।
TCS में कुल 6,00,000 कर्मचारी
टीसीएस में 6,00,000 से अधिक लोग काम करते हैं जिनमें से 35 फीसदी महिलाएं हैं। कंपनी में लगभग तीन-चौथाई टॉप पोजीशन पर महिलाएं हैं। बता दें कि पिछले वित्त वर्ष में टीसीएस के कर्मचारियों की संख्या का 20% से अधिक कम हो गई। हर कर्मचारी मुश्किल परिस्थिति का सामना कर रहा है। दुनिया कथित तौर पर वैश्विक मंदी की ओर बढ़ रही है, ऐसे में कई कंपनियों ने छंटनी भी की है।
वर्क फ्रॉम होम की सुविधा को कर्मचारियों से काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। जिस भी कंपनी में इस सुविधा को खत्म की गई, वहां कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर इस्तीफा दिया है। वर्क फ्रॉम होम को अब केवल भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया में हर जगह पसंद किया जा रहा है। संयुक्त राज्य अमेरिका में किए गए एक सर्वे के मुताबिक 25 फीसदी कर्मचारियों ने ऑफिस में कभी वापस न आने का विकल्प चुना।