Tata group : टाटा संस के चेयरमैन एन चन्द्रशेखरन का कहना है कि ग्रुप अपने फाउंडर जमशेदजी टाटा की लिगेसी को कायम रखेगा और इंटेग्रिटी, इनोवेशन और सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के सिद्धान्तों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने झारखंड के जमशेदपुर में जमशेदजी टाटा की 185वीं जयंती के अवसर पर एक सभा में यह बात कही। उनके साथ टाटा स्टील के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर टी वी नरेंद्रन भी थे।
चंद्रशेखरन ने कहा, "हमारे फाउंडर जमशेदजी टाटा ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की थी, जहां इंडस्ट्री पॉजिटिव बदलाव के लिए एक ताकत होगा। यह बहुत गर्व की बात है कि हम उनकी विरासत को कायम रख रहे हैं। इस अवसर पर, हम इंटेग्रिटी, इनोवेशन और सामाजिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। इन सिद्धान्तों ने हमारी स्थापना के बाद से हमारा मार्गदर्शन किया है।”
उन्होंने आगे कहा, "जमशेदपुर और इसके निवासियों के लिए एक उज्ज्वल, अधिक समृद्ध भविष्य बनाने के लिए हम लोगों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।” उन्होंने टाटा स्टील के जमशेदपुर वर्क्स के स्टीलेनियम हॉल में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इसमें कई विभागों ने अपनी टेक आधारित पहल के बारे में जानकारी दी।
ग्रुप की कई यूनिट्स में फाउंडर्स डे मनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। चन्द्रशेखरन ने टाटा स्टील के लिए टाटा मोटर्स के ग्रीन फ्यूल से चलने वाले कमर्शियल व्हीकल को भी हरी झंडी दिखाई।