टाटा संस ने शनिवार को बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट (Caveat) दाखिल की हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि अगर सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट कोई अपील दायर करती हैं, तो टाटा संस का पक्ष भी सुना जाएगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी गई है। शुक्रवार को बॉम्बे हाई कोर्ट से सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आर.डी. टाटा ट्रस्ट को कोई अच्छी खबर नहीं मिली। एन चंद्रशेखरन को टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में रीअपॉइंट किए जाने के मामले में कोर्ट ने कहा कि टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकती है। बोर्ड मीटिंग का जो भी नतीजा निकलेगा, वह कोर्ट के अंतिम आदेशों के अधीन होगा।
दोनों टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस और उसके 6 डायरेक्टर्स के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। दोनों ट्रस्ट्स ने एन चंद्रशेखरन को टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में तीसरी बार 5 साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के फैसले को चुनौती दी है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये, जबकि आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ने इस रकम पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को तय की गई है।
ट्रस्ट्स की अदालत से थी क्या मांग
ट्रस्ट्स ने अदालत से अनुरोध किया था कि 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में अगर नामित निदेशकों (Nominee Directors) के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद होता है तो टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन को निर्णायक मत का इस्तेमाल करने से रोका जाए। शुक्रवार को ट्रस्ट्स के वकीलों ने बोर्ड मीटिंग टालने की भी मांग की, जिसका टाटा संस ने विरोध किया। पीटीआई के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति का कहना है कि 27 नवंबर 2026 के आदेश के संबंध में टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड ने बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है। दोनों टाटा ट्रस्ट कोर्ट में अपील कर सकती हैं, और इन कैविएट की मदद से टाटा संस इस मामले में अपना पक्ष रख सकेगी।
क्यों पैदा हुआ टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच तनाव
टाटा संस के बोर्ड की 17 सितंबर 2026 की मीटिंग में एन चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त करने का प्रस्ताव पास किया गया था। ट्रस्ट्स का मानना है कि यह फैसला अवैध है क्योंकि इसके पक्ष में कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 121 के तहत जरूरी वोट नहीं मिले। टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स की ओर से 2 नॉमिनी डायरेक्टर हैं- नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन। 17 सितंबर को नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका सपोर्ट किया था। ट्रस्ट्स के अनुसार, दोनों नॉमिनी डायरेक्टर्स का फैसले के सपोर्ट में होना जरूरी था।
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा, टाटा संस के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। टाटा संस, टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है, जिसमें ट्रस्ट्स की 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह विवाद चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग को रोकने जैसे मुद्दों पर है। RBI ने टाटा संस को 'अपर लेयर NBFC' कैटेगरी में रखा है और कंपनी की लिस्टिंग अनिवार्य कर दी है। वहीं, नोएल टाटा इस लिस्टिंग (IPO) से बचने के लिए कारोबार की रीस्ट्रक्चरिंग पर जोर दे रहे हैं।