सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आर.डी. टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने टाटा संस और उसके 6 डायरेक्टर्स के खिलाफ बंबई उच्च न्यायालय (बॉम्बे हाई कोर्ट) में मुकदमा दायर किया है। दोनों ट्रस्ट्स ने एन चंद्रशेखरन को टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में तीसरी बार 5 साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के फैसले को चुनौती दी है। अदालत इस मामले पर शुक्रवार को सुनवाई करेगी।
SDTT ने 50 करोड़ रुपये, जबकि RDTT ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ने इस रकम पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगा है। टाटा संस के बोर्ड की 17 सितंबर 2026 की मीटिंग में चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त करने का प्रस्ताव पास किया गया था। ट्रस्ट्स का मानना है कि यह फैसला अवैध है क्योंकि इसके पक्ष में कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 121 के तहत जरूरी वोट नहीं मिले।
टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स की ओर से 2 नॉमिनी डायरेक्टर हैं- नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन। 17 सितंबर को नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका सपोर्ट किया था। ट्रस्ट्स के अनुसार, दोनों नॉमिनी डायरेक्टर्स का फैसले के सपोर्ट में होना जरूरी था।
30 नवंबर की मीटिंग के लिए ट्रस्ट्स ने की यह अपील
टाटा संस के बोर्ड की अगली मीटिंग 30 नवंबर को होने वाली है। ट्रस्ट्स ने फिलहाल अदालत से अनुरोध किया है कि 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में अगर नामित निदेशकों (nominee directors) के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद होता है तो टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन को निर्णायक मत का इस्तेमाल करने से रोका जाए। मुकदमों में ट्रस्ट्स ने बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने की मांग नहीं की है।
नोएल टाटा की चेयरमैनशिप वाले टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ट्रस्ट्स ने स्थायी आदेश और निषेधाज्ञा जारी करने का अनुरोध किया है ताकि टाटा संस, उसके डायरेक्टर, अधिकारी और अन्य प्रतिनिधि 17 सितंबर के उस प्रस्ताव पर अमल न कर सकें, जिसके तहत चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त किया गया था। 20 सितंबर को दिए गए एक बयान में टाटा की ट्रस्टों ने कहा था कि प्रस्ताव को वैध तरीके से पारित नहीं किया गया और इसका कोई कानूनी असर नहीं है।