भारतीय सामानों पर 25% टैरिफ लगाना चाहता है अमेरिका, ट्रेड डील हुई तो 17% तक रह सकती है दर

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने प्रपोज्ड टैरिफ पर 5 जनवरी, 2027 तक जनता से राय मांगी है। फरवरी में भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमत हुए थे। भारत का मानना है कि व्यापार से जुड़ी चिंताओं का समाधान ट्रेड डील के लिए चल रही बातचीत के फ्रेमवर्क में ही किया जाना चाहिए

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 8:57 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भारत का व्यापार मंत्रालय अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के नोटिस का रिव्यू कर रहा है।

अगर भारत और अमेरिका के बीच कोई व्यापार समझौता (ट्रेड डील) हो जाता है तो भारत से होने वाले आयात पर अमेरिकी टैरिफ की दर 17% तक रहेगी। लेकिन अगर कोई समझौता नहीं होता है, तो टैरिफ बढ़कर 25% हो जाएगा। हालांकि कुछ सामानों के आयात पर टैरिफ से छूट रहेगी। यह बात अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (US Trade Representative) जेमिसन ग्रीर ने कही है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने 14 ट्रेडिंग पार्टनर्स पर टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका का तर्क है कि इन देशों में 'संरचनात्मक रूप से जरूरत या मांग से ज्यादा उत्पादन की क्षमता' (स्ट्रक्चरल एक्सेस इंडस्ट्रियल कैपेसिटी) मौजूद है, जिससे निपटने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने प्रपोज्ड टैरिफ पर 5 जनवरी, 2027 तक जनता से राय मांगी है। 25 जनवरी के लिए एक सुनवाई तय की है। इसके बाद, अंतिम निर्णय लेने से पहले इन सुझावों पर विचार किया जाएगा। अमेरिका के भारत के अलावा दूसरे ट्रेडिंग पार्टनर्स की बात करें तो वियतनाम पर 35 प्रतिशत तक, चीन और सिंगापुर पर 20 प्रतिशत तक, और बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड पर 18 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है। यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड और ताइवान के लिए 15 प्रतिशत तक के टैरिफ का प्रस्ताव है। इसमें 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' (MFN) दरों और पहले से लागू 'सेक्शन 301' ड्यूटी को शामिल नहीं किया गया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने यह भी सुझाव दिया है कि अगर संबंधित जांच के नतीजों को ध्यान में रखते हुए कोई ट्रेड एग्रीमेंट या ​कमिटमेंट होते हैं, तो वियतनाम के लिए टैरिफ को घटाकर 20 प्रतिशत और सिंगापुर के लिए 10 प्रतिशत करने पर विचार किया जा सकता है।

भारत का व्यापार मंत्रालय अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के नोटिस का रिव्यू कर रहा है। रॉयटर्स के मुताबिक, मंत्रालय का कहना है कि जांच के दौरान भारत ने अमेरिका को स्पष्ट कर दिया था कि उसके किसी भी क्षेत्र में ऐसी कोई स्ट्रक्चरल एक्सेस इंडस्ट्रियल कैपेसिटी नहीं है। एक बयान में भारत ने कहा कि वह पूरी जांच प्रक्रिया में सकारात्मक रूप से शामिल रहा है। यह भी कहा कि व्यापार से जुड़ी चिंताओं का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए चल रही बातचीत के फ्रेमवर्क में ही किया जाना चाहिए।


अमेरिका के तर्क

अमेरिका ने भारत की औद्योगिक विस्तार नीतियों, श्रमिकों के लिए अपर्याप्त सुरक्षा, वित्तीय दमन (Financial ​Repression), बाजार तक पहुंच में बाधाओं और वैश्विक स्तर पर जरूरत से ज्यादा क्षमता की समस्या को हल न कर पाने को 'अनुचित व्यापार प्रथा' करार दिया है। इसमें नॉन-मार्केट इकोनॉमीज से होने वाले आयात और वहां से आने वाले विदेशी निवेश को भी शामिल किया है।

अमेरिका का कहना है कि इन नीतियों से अमेरिकी उत्पादकों, निर्यात, नौकरियों और निवेश को नुकसान पहुंचता है। साथ ही, नॉन-मार्केट इकोनॉमीज से आने वाले इनपुट पर निर्भरता के कारण आर्थिक सुरक्षा के जोखिम भी बढ़ते हैं, विशेष रूप से फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, स्टील, सोलर और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) जैसे क्षेत्रों में।

Ola Electric की नई स्ट्रैटेजी करेगी कमाल? डीलर्स को 9% मार्जिन का ऑफर, लेकिन ये बनी हैं ये दिक्कतें

फरवरी में ट्रेड डील के फ्रेमवर्क पर बनी थी सहमति

फरवरी में भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमत हुए थे। इससे पहले, बातचीत का दौर विफल होने के बाद अगस्त 2025 में अमेरिका ने भारतीय सामानों पर भारी टैरिफ लगाया था, जिसकी दर 50% तक थी। समझौते के तहत इसे घटाकर 18% कर दिया गया। बाद में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने वैश्विक स्तर पर तगड़े टैरिफ लगाने के लिए ट्रंप के आपातकालीन शक्तियों के इस्तेमाल को अमान्य करार दिया, जिसके कारण बेसलाइन टैरिफ रेट 10% हो गई। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच अभी तक कोई अंतिम व्यापार समझौता नहीं हो पाया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।