खाने-पीने की चीजों के पैकेट पर अब हाई सॉल्ट, शुगर और फैट के लिए रहेंगे अलग-अलग वॉर्निंग लेबल, सुप्रीम कोर्ट का आदेश

सुप्रीम कोर्ट के जज जे.बी. पारदीवाला ने कहा कि FSSAI को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर चिंताजनक न्यूट्रिएंट के लिए एक अलग हेक्सागन हो, जिस पर हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट लिखा हो, न कि केवल एक ही कंबाइंड हेक्सागन

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 1:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
FSSAI ने पहले केवल एक ही वॉर्निंग लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया था।

भारत के सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड फूड इंडस्ट्री को एक और झटका दिया है। कोर्ट ने गुरुवार को फैसला सुनाया कि खाने पीने की चीजों की पैकेजिंग के सामने वाले हिस्से यानि कि फ्रंट पर, चिंताजनक माने जाने वाले हर न्यूट्रिएंट (पोषक तत्व) के लिए चेतावनी वाले अलग-अलग लेबल होने चाहिए। इस फैसले के साथ अदालत ने सरकार के उस प्रस्ताव को और सख्त कर दिया है, जिसमें केवल एक ही लेबल लगाने की बात कही गई थी।

रॉयटर्स के मुताबिक, गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सरकार को अपने प्रस्ताव को और सख्त करने की जरूरत है। निर्देश दिया कि खाने-पीने की चीजों के पैकेट के सामने वाले हिस्से पर हाई सॉल्ट, शुगर और फैट के लिए अलग-अलग षट्कोणीय (हेक्सागन शेप) वॉर्निंग लेबल लगाए जाएं, न कि केवल एक। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पहले केवल एक ही लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया था।

सुप्रीम कोर्ट के जज जे.बी. पारदीवाला ने कहा कि प्राधिकरण को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर चिंताजनक न्यूट्रिएंट के लिए एक अलग हेक्सागन हो, जिस पर हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट लिखा हो, न कि केवल एक ही कंबाइंड हेक्सागन। कोर्ट ने यह भी कहा है कि हेक्सागन में चीनी और फैट की अधिक मात्रा वाले इंग्रीडिएंट की तस्वीर भी होनी चाहिए।


फूड एंड बेवरेजेस कंपनियों के लिए बड़ा झटका है यह आदेश

रॉयटर्स के मुताबिक, यह आदेश पेप्सिको, मोंडेलेज, कोका-कोला और नेस्ले जैसी फूड एंड बेवरेजेस कंपनियों के लिए एक बड़ा झटका है, जो लंबे समय से ऐसे लेबल्स का विरोध करती रही हैं। कई विदेशी कंपनियों के लिए भारत सबसे बड़े उपभोक्ता बाजारों में से एक है। ऐसे कदमों से स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह के फूड प्रोडक्ट्स की बिक्री पर असर पड़ने की आशंका है।

भारतीय सामानों पर 25% टैरिफ लगाना चाहता है अमेरिका, ट्रेड डील हुई तो 17% तक रह सकती है दर

पैक्ड वॉटर को लेकर भी हो रही सख्ती

रॉयटर्स की एक दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI ने सभी राज्यों को एक गोपनीय निर्देश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि भारत को पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर (बोतलबंद पानी) इंडस्ट्री पर अपनी निगरानी और जांच-पड़ताल बढ़ानी चाहिए। पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करना बहुत महत्वपूर्ण है। यह निर्देश बिसलेरी ब्रांड के एक सैंपल के असुरक्षित पाए जाने के बाद आया है। इस सैंपल में ऐसे केमिकल मिले हैं, जिनके बारे में हेल्थ एजेंसियों का कहना है कि इनसे कैंसर हो सकता है।

वहीं बिसलेरी का कहना है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है और उनकी अपनी जांच में कोई समस्या नहीं मिली है। सरकार की इस नई जांच-पड़ताल से पेप्सिको, टाटा कंज्यूमर, कोका-कोला जैसी कंपनियों पर रेगुलेटर की निगरानी बढ़ जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।