वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंक (Warner Bros Discovery Inc) के टीवी, फिल्म स्टूडियोज और स्ट्रीमिंग डिवीजन की बिक्री होने वाली है। इसे खरीदने की रेस में नेटफ्लिक्स और पैरामाउंट के बीच कांटे की टक्कर है। खबर है कि अमेरिका का न्याय विभाग, नेटफ्लिक्स के ऑफर की जांच कर रहा है। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कहीं इसमें कोई मोनोपोली तो नहीं है, कहीं यह इस खरीद की रेस में शामिल दूसरे क्रिएटर्स पर एंटी-कॉम्पिटिटिव असर तो नहीं डाल रहा है।
ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट में सिविल इनवेस्टिगेटिव डिमांड की एक कॉपी के हवाले से कहा गया है कि न्याय विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि नेटफ्लिक्स और वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंक की डील कॉम्पिटिशन को काफी कम कर सकती है या नहीं। या फिर ऐसा तो नहीं है कि मोनोपोली की ओर बढ़ सकती है।
रिव्यू का बड़ा दायरा इस बात का पक्का इशारा है कि अमेरिकी सरकार को नेटफ्लिक्स-वार्नर ब्रदर्स डील को कोर्ट में चुनौती देने का फैसला करने में कई और महीने लगेंगे। इस देरी से कॉम्पिटिटर बिडर पैरामाउंट स्काईडांस कॉर्प को फायदा हो सकता है। नेटफ्लिक्स के चीफ लीगल ऑफिसर डेविड हाइमन ने एक बयान में कहा कि यह दावा कि नेटफ्लिक्स मोनोपॉली करने वाली कंपनी है, या मोनोपॉली करने की कोशिश कर रही है, बेबुनियाद है।
वार्नर ब्रदर्स के लिए नेटफ्लिक्स का ऑफर
वार्नर ब्रदर्स ने नेटफ्लिक्स के ऑफर पर शेयरहोल्डर्स की मंशा जानने के लिए 20 मार्च को वोटिंग रखी है। नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग बिजनेस के लिए 27.75 डॉलर प्रति शेयर या 82.7 अरब डॉलर की बोली लगाई है। वहीं पैरामाउंट ने पूरी कंपनी के लिए 30 डॉलर प्रति शेयर या 108.4 अरब डॉलर की पेशकश की है। हाल ही में खबर आई कि नेटफ्लिक्स के पास काफी कैश है और अगर कॉम्पिटिटर पैरामाउंट स्काईडांस अपना ऑफर बढ़ाती है, तो वह भी वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के लिए अपना ऑफर बढ़ा सकती है।
वार्नर ब्रदर्स ने बीते मंगलवार को पैरामाउंट की लेटेस्ट हॉस्टाइल टेकओवर बिड को रिजेक्ट कर दिया, लेकिन सोमवार के आखिर तक "बेस्ट एंड फाइनल" ऑफर जमा करने का समय दिया। हाल ही में पैरामाउंट स्काईडांस ने ऑफर दिया कि अगर वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी, नेटफ्लिक्स के साथ डील नहीं करती है तो वह उसकी ओर से 2.8 अरब डॉलर की रिवर्स ब्रेकअप फीस को नेटफ्लिक्स को देगी। साथ ही यह भी कहा है कि अगर पैरामाउंट के साथ डील फेल होती है तो वह वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के शेयरहोल्डर्स को हर तिमाही के लिए एक्स्ट्रा कैश देगी।