अमेरिका की दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्म टीपीजी (TPG) ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) और जर्मनी की शॉट फार्मा (SCHOTT Pharma) की ज्वाइंट वेंचर कंपनी 'SCHOTT पूनावाला' में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का एक सौदा किया है। TPG यह हिस्सेदारी भारत की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से खरीदेगी। शॉट फार्मा ने मंगलवार 6 मई को जारी एक बयान में बताया कि इस सौदे को लेकर बाइंडिंग एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। SCHOTT पूनावाला दुनिया भर में किफायती वैक्सीन मुहैया कराने की दिशा में काम करती है। यह जर्मनी की SCHOTT फार्मा और भारत के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की हिस्सेदारी वाली ज्वाइंट वेंचर कंपनी है।
मनीकंट्रोल ने पिछले साल 28 नवंबर को इस बारे में सबसे पहले रिपोर्ट दी थी कि अदार पूनावाला की अगुआई वाला सीरम इंस्टीट्यूट, SCHOTT फार्मा में अपनी 30-40% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहा है।
यह निवेश TPG की मिडिल-मार्केट और ग्रोथ इक्विटी प्लेटफॉर्म, TPG Growth के जरिए किया जा रहा है, जिसमें Novo Holdings भी एक सह-निवेशक के रूप में शामिल है। इस सौदे के बाद भी, Serum Institute इस ज्वाइंट वेंचर कंपनी में अपनी मॉइनॉरिटी हिस्सेदारी बनाए रखेगा।
SCHOTT Poonawalla फार्मास्युटिकल और बायोटेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए इंजेक्टेबल दवाओं की पैकेजिंग और डिलीवरी सॉल्यूशंस बनाती है। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में ऑटो-इंजेक्टर पेन के लिए कार्ट्रिज, बायोलॉजिक्स के लिए प्रीफिलेबल सिरिंज, वायल, एंप्यूल्स और रेगुलेटरी सेवाएं शामिल हैं। इसके ग्राहक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले बायोटेक फर्म्स और CDMOs हैं।
TPG Growth के बिजनेस यूनिट पार्टनर भूषण बोपार्डिकर ने कहा, “SCHOTT पूनावाला भारत में इंजेक्टेबल-फोकस्ड ड्रग कंटेनमेंट सॉल्यूशंस की अग्रणी कंपनी है। हम इसके साथ साझेदारी कर गर्व महसूस कर रहे हैं और इसके लीडरशिप टीम के साथ मिलकर इनोवेशंस को आगे बढ़ाने को तैयार हैं।”
वहीं Serum Institute के CEO अदार पूनावाला ने इस साझेदारी को कंपनी के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा, "“टीपीजी के साथ साझेदारी हमारे लिए एक अहम कदम है। TPG का हेल्थकेयर में निवेश का अनुभव और उनका ग्लोबल नेटवर्क हमें नए अवसरों को तलाशने में मदद करेगा। SCHOTT Pharma के साथ हमारी मौजूदा साझेदारी बनी रहेगी, जो इनोवेशन और वैक्सीन पैकेजिंग में मजबूती लाएगी।"
हालांकि इस सौदा को कुछ नियामकीय मंजूरियां मिलना बाकी है और इसके 2025 की पहली छमाही में पूरा होने की उम्मीद है। बता दें कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने साल 2021 में शॉट फार्मा के साथ मिलकर ज्वाइंट वेंचर कंपनी, 'SCHOTT पूनावाला' को बनाया था।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।