Uber India Results: ऐप आधारित कैब सेवा देने वाली कंपनी उबर इंडिया को वित्त वर्ष 2024 में 89 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। हालांकि यह घाटा इसके पिछले वित्त वर्ष में हुए 311 करोड़ रुपये के घाटे के मुकाबले करीब 71 फीसदी कम है। वहीं कंपनी का वित्त वर्ष 2024 में रेवेन्यू 41 फीसदी बढ़कर 3,762 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल 2,666 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी को बस एवं बाइक टैक्सी जैसी नई कैटेगरी में विस्तार से अपना रेवेन्यू बढ़ाने में मदद मिली है। यह आंकड़े Fintrackr से मिले डेटा के अनुसार सामने आए हैं।
ब्लूस्मार्ट के अधिग्रहण की अटकलें तेज
उबर इंडिया के ये आंकड़े ऐसे समय पर सामने आए हैं जब कंपनी के ब्लूस्मार्ट (BluSmart) का अधिग्रहण करने की खबरें चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि उबर इस डील को अपने फ्लीट पार्टनर 'एवरेस्ट फ्लीट' के जरिए पूरा कर सकती है।
खर्चों में 26% की बढ़ोतरी
FY24 में उबर इंडिया का कुल खर्च 3,977 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले साल की तुलना में 26% अधिक हैं। कंपनी की कुल कमाई में से 21% हिस्सा राइड-हेलिंग बिजनेस से आया, जबकि बाकी का योगदान Uber BV से हुआ।
Uber BV, उबर की ग्लोबल सहायक कंपनी है जो भारत में प्लेटफॉर्म से जुड़ी सेवाएं, सॉफ्टवेयर लाइसेंसिंग और अन्य क्रॉस-बॉर्डर सर्विसेज मुहैया करती है। इसके जरिए भारतीय यूनिट को राइड-हेलिंग नेटवर्क संचालित करने में मदद मिलती है।
नई सेवाओं के जरिए उबर का विस्तार जारी
उबर ने हाल ही में बस सेवा शुरू की है, जो कंपनी के ग्लोबल मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्टेशन के विजन से मेल खाती है। इस सेवा के तहत यूजर्स प्राइवेट और पब्लिक बसों में सीट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, बाइक टैक्सी सेवा ने भी उबर को टियर-2 और टियर-3 शहरों में अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी बढ़ाने में मदद की है, जहां टू-व्हीलर राइड-हेलिंग तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
हालांकि, कुछ राज्यों में बाइक टैक्सी और एग्रीगेटर लाइसेंसिंग को लेकर नियामकीय चुनौतियां बनी हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद उबर लगातार नए इनोवेशन कर रहा है। हाल ही में कंपनी ने "Moto Women" नामक महिलाओं के लिए एक्सक्लूसिव बाइक टैक्सी सेवा शुरू की है। फिलहाल, यह सेवा बेंगलुरु में शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाना है, साथ ही महिला ड्राइवर्स को भी रोजगार के मौके देना है।