कैब सुविधा उपलब्ध कराने वाली कंपनी Uber ने हाल ही में भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कई कंपनियों के साथ साझेदारी की घोषणा की है। देश के शहरों में उबर ग्रीन को आगे बढ़ाने के लिए कंपनी अपने फ्लीट में इलेक्ट्रिक कारों को शामिल करना चाहती है। उबर की योजना अगले दो सालों में भारत में अपने प्लेटफॉर्म पर 25000 इलेक्ट्रिक कारों को शामिल करना है। इसके लिए उबर ने लीथियम अर्बन टेक्नोलॉजीज, एवरेस्ट फ्लीट प्राइवेट लिमिटेड और मूव जैसे ईवी फ्लीट पार्टनर्स के साथ साझेदारी की है।
इन फ्लीट पार्टनरशिप के अलावा उबर ने 2024 तक दिल्ली में 10,000 ईवी टू-व्हीलर्स पेश करने के लिए Zypp Electric से हाथ मिलाया है। ईवी सेक्टर में फाइनेंसिंग की जरूरत को समझते हुए कंपनी ने EV फाइनेंसिंग में 1,000 करोड़ रुपये अनलॉक करने के लिए SIDBI के साथ भी साझेदारी की है।
इसके अलावा, उबर जियो-बीपी के माध्यम से भारत में बीपी के साथ अपनी ग्लोबल पार्टनरशिप ला रहा है। कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल को फास्ट-चार्जिंग फैसिलिटी उपलब्ध कराने के लिए जीएमआर ग्रीन एनर्जी के साथ भी सहयोग किया है।
इन शहरों में लॉन्च होगी उबर ग्रीन
अपने सस्टेनेबिलिटी ड्राइव के हिस्से के रूप में उबर जून में दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में उबर ग्रीन लॉन्च करने के लिए तैयार है। उबर ग्रीन के तहत पैसेंजर को राइड के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल सेलेक्ट करने की सुविधा मिलेगी। इस सुविधा को 15 देशों के 100 से अधिक शहरों में उपलब्ध कराने की योजना है।
Uber में मोबिलिटी और बिजनेस ऑपरेशंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कंपनी के इलेक्ट्रिफिकेशन गोल्स पर बात करते हुए कहा, हम 2040 तक अपने प्लेटफॉर्म पर हर राइड को इलेक्ट्रिफाई करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करना चाहते हैं, और इसके लिए भारत बेहद अहम है।" मैकडोनाल्ड ने इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में उबर ग्रीन के लॉन्च को एक प्रमुख कदम बताया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उबर 70 देशों और 10,000 से अधिक शहरों में काम करता है। ग्लोबल एनवायरनमेंटल गोल्स के साथ तालमेल बिठाने के लिए कंपनी यूरोप और उत्तरी अमेरिका में 2030 तक और वैश्विक स्तर पर 2040 तक जीरो-एमिशन मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बनना चाहती है।