बैंकिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी यूबीएस (UBS) की योजना अब क्रेडिट स्विस (Credit Suisse) की एक सदी पुरानी स्विस इकाई को पूरी तरह से अपने में मिलाने की है। इसके तहत हजारों एंप्लॉयीज को बाहर निकाला जाएगा। बता दें कि कुछ महीने पहले मार्च में स्विटजरलैंड का सबसे बड़े यूबीएस 325 करोड़ डॉलर में वित्तीय दबाव से जूझ रहे यूबीएस के अधिग्रहण के लिए तैयार हो गया था। कुछ समय पहले तक दोनों एक-दूसरे की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी थीं लेकिन अब यूबीएस की योजना 2026 के आखिरी तक इसके अधिकतर कारोबार में अपने में मिला लेने का है। इसमें यूबीएस के 1000 करोड़ डॉलर से अधिक बचेंगे। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया में करीब 3 हजार एंप्लॉयीज की नौकरी जा सकती है।
पूरी तरह से विलय की क्यों पड़ी जरूरत
यूबीएस में विलय के बाद भी क्रेडिट स्विस स्वतंत्र रूप से काम कर सकता था लेकिन यूबीएस के चीफ एग्जेक्यूटिव सर्जियो एर्मोटी (Sergio Ermotti) का कहना है कि सात अलग-अलग विकल्पों पर गौर करने के बाद यह फैसला लिया गया कि पूरी तरह से विलय ही सबसे बेहतर विकल्प है। हालांकि यूबीएस के मुताबिक अगले साल 2024 तक लीगल इंटीग्रेशन पूरा होने तक दोनों बैंक अलग-अलग काम करते रहेंगे और क्लाइंट्स को यूबीएस सिस्टम पर शिफ्ट करने का काम 2025 तक पूरा होने की संभावना है।
कितने एंप्लॉयीज को लगेगा झटका
यूबीएस के चीफ एग्जेक्यूटिव का कहना है कि विलय के चलते करीब 1 हजार एंप्लॉयीज की छंटनी होगी। हालांकि फुल रीस्ट्रक्चरिंग के तहत दो साल में इसकी आंच करीब 2 हजार एंप्लॉयीज तक और पहुंच सकती है। जिन एंप्लॉयीज को निकाला जाएगा, उन्हें फाइनेंशियल सपोर्ट और री-ट्रेनिंग अपॉर्च्यूनिटीज मुहैया कराई जाएगी। यूबीएस के चीफ एग्जेक्यूटिव ने उम्मीद जताई है कि स्विटजरलैंड में माहौल अच्छा है और जिन एंप्लॉयीज की छंटनी होगी, वे दूसरी नौकरी खोज लेंगे।
कैसी है UBS और Credit Suisse की सेहत
यूबीएस के चीफ एग्जेक्यूटिव ने कहा कि क्रेडिट स्विस के अधिग्रहण की डील होने के ढाई महीने बाद इतिहास के सबसे बड़े और जटिल बैंक मर्जर में शुमार एक विलय को लेकर बिना समय बर्बाद किए काम किया जा रहा है। यह ऐलान ऐसे समय में हुआ है जब यूबीएस ने मर्जर के बाद पहली बार वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। जून तिमाही में इसे 2920 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था।
हालांकि इसकी तुलना एक साल पहले की तिमाही से नहीं की जा सकती है क्योंकि इस बार नतीजे अधिग्रहण के बाद आए हैं तो तो अकाउंट में कई एक्सेप्शनल आइटम जुड़े हैं। क्रेडिट स्विस ने दूसरी तिमाही में 1010 करोड़ डॉलर का लोन लिया था। पिछले साल की बात करें तो 2022 में क्रेडिट स्विस को 730 करोड़ स्विस फ्रैंक (830 करोड़ डॉलर) का नेट लॉस हुआ था जबकि यूबीएस को 760 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। अमेरिका में क्षेत्रीय बैंकों के डूबने से क्रेडिट स्विस को तगड़ा झटका लगा था।