US Fed Meeting: अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) ने बुधवार 20 सितंबर को हुई बैठक में ब्याज दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की। बाजार पहले से ही इस फैसले की उम्मीद कर रहा था। हालांकि यूएस फेड ने इस साल आगे बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं। साथ ही यह भी कहा कि दरें लंबे समय तक ऊंची बनी रहेंगी। फेडरल रिजर्व ने बेंचमार्क ब्याज दरों को 5.25% से 5.5% पर बरकरार रखा है, जो इसका पिछला 22 सालों का उच्च स्तर है।
मार्च 2022 के बाद अबतक यूएस फेड 11 बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर चुका है। इस दौरान उसने आज की बैठक सहित 2 बार दरों का स्थिर रखा है।
केंद्रीय बैंक ने हाल के हफ्तों में संकेत दिया था कि पिछली बढ़ोतरी के अमेरिकी इकोनॉमी पर असर को समझने के लिए कुछ आंकड़ों का इंतजार करना चाहता है। ऐसे में बाजारों को इस बार ब्याज दरों के स्थिर रहने का अनुमान था।
फेड अधिकारियों को 2024 में दरों में कम कटौती की उम्मीद
फेडरल रिजर्व के आर्थिक अनुमानों के नवीनतम सेट से पता चला है कि केंद्रीय बैंक के अधिकतर सदस्य अगले साल ब्याज दरों में पहले की तुलना में कम कटौती की उम्मीद करते हैं। इसका मतलब है कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बनी रह सकती है।
फेडरल रिजर्व के फैसले के तुरंत बाद S&P 500 करीब 0.1% फिसल गया। वहीं नैस्डैक कम्पोजिट में 0.4% की गिरावट आई। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज हरे निशान में बना हुआ था, लेकिन उसकी बढ़त कम होकर 100 अंक रह गई थी।