वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (Vi or Vodafone Idea) ने अभिजीत किशोर को नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है। वह 19 अगस्त, 2025 से 3 साल के लिए यह जिम्मेदारी संभालेंगे। किशोर वोडाफोन आइडिया के वर्तमान CEO अक्षय मूंदड़ा की जगह लेंगे। मूंदड़ा 19 अगस्त, 2022 को कंपनी के CEO बने थे। उनका कार्यकाल 18 अगस्त, 2025 को पूरा हो रहा है। कंपनी ने मैनेजमेंट में इस फेरबदल के बारे में शेयर बाजारों को जानकारी दी है।
अभिजीत किशोर कर्ज में डूबी वोडाफोन आइडिया के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर यह टॉप पोजिशन संभाल रहे हैं। कंपनी एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) देनदारियों को लेकर अनिश्चितता के बीच फाइनेंसिंग हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही है।
कितने अनुभवी हैं अभिजीत किशोर
किशोर अभी Vodafone Idea में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) हैं। वह मार्च 2015 से वोडाफोन आइडिया के साथ हैं। वह सर्कल ऑपरेशंस और कॉरपोरेट लेवल्स दोनों स्तरों पर कई सीनियर लीडरशिप रोल संभाल चुके हैं। COO बनने से पहले उन्होंने चीफ एंटरप्राइज बिजनेस ऑफिसर के रूप में वोडाफोन आइडिया के एंटरप्राइज बिजनेस का नेतृत्व किया। इससे पहले वह गुजरात और केरल सर्किल के बिजनेस हेड थे। अभिजीत किशोर को भारतीय टेलिकॉम इंडस्ट्री में विभिन्न फंक्शंस और जियोग्राफीज में 27 साल से ज्यादा का अनुभव है।
जून तिमाही में VIL का घाटा बढ़ा
वोडाफोन आइडिया लिमिटेड का अप्रैल-जून 2025 तिमाही में कंसोलिडेटेड घाटा बढ़कर 6608 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। मुख्य रूप से वित्तीय लागत बढ़ने के कारण घाटा बढ़ा। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी को 6,426.7 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वोडाफोन आइडिया लिमिटेड का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 5 प्रतिशत बढ़कर 11,022.5 करोड़ रुपये रहा। जून 2024 तिमाही में यह 10,508.3 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया है कि 30 जून, 2025 तक उस पर बैंकों का बकाया कर्ज (ब्याज समेत) 1,944.5 करोड़ रुपये था।