वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (Warner Bros Discovery) को पैरामाउंट स्काईडांस (Paramount Skydance) 110 अरब डॉलर में खरीद रही है। नेटफ्लिक्स के इस डील की रेस से पीछे हटने के बाद पैरामाउंट का रास्ता साफ हो गया था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी और पैरामाउंट के बीच यह डील 2026 की तीसरी तिमाही में पूरी होने की उम्मीद है। इस मर्जर से एक बड़ा मीडिया पावरहाउस बनेगा।
कंपनियों ने एक बयान में कहा कि डील कंप्लीट होने के बाद बनने वाली कंपनी में 15,000 से ज्यादा टाइटल और "गेम ऑफ थ्रोन्स," "मिशन इम्पॉसिबल," "हैरी पॉटर," और DC यूनिवर्स जैसी पॉपुलर फ्रेंचाइजी की फिल्म लाइब्रेरी होगी।
पैरामाउंट ने यह भी पेशकश की है कि अगर डील रेगुलेटरी वजहों से पूरी नहीं हो पाती है, तो वह 7 अरब डॉलर की रेगुलेटरी टर्मिनेशन फीस देगी। पैरामाउंट स्काईडांस ने यह भी ऑफर दिया था कि अगर वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी, नेटफ्लिक्स के साथ डील नहीं करती है तो वह उसकी ओर से 2.8 अरब डॉलर की रिवर्स ब्रेकअप फीस को नेटफ्लिक्स को देगी। पैरामाउंट ने इस रिवर्स ब्रेकअप फीस का पेमेंट कर दिया है।
नेटफ्लिक्स ने गुरुवार को वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंक के टीवी, फिल्म स्टूडियोज और स्ट्रीमिंग डिवीजन को खरीदने के लिए टेकओवर ऑफर नहीं बढ़ाने की घोषणा की। नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारंडोस और ग्रेग पीटर्स ने कहा कि वे पैरामाउंट स्काईडांस के 31 डॉलर प्रति शेयर की खरीद कीमत वाले लेटेस्ट ऑफर को मैच नहीं कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग बिजनेस के लिए 27.75 डॉलर प्रति शेयर या 82.7 अरब डॉलर की बोली लगाई थी।
पैरामाउंट स्काईडांस के CEO डेविड एलिसन, ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन के बेटे हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, पैरामाउंट द्वारा किए जा रहे इस एक्वीजीशन के लिए एलिसन फैमिली और रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स से 47 अरब डॉलर की इक्विटी मिलेगी। साथ ही बैंक ऑफ अमेरिका, सिटीग्रुप और अपोलो से 54 अरब डॉलर का एक्स्ट्रा डेट कमिटमेंट भी मिलेगा। पैरामाउंट मौजूदा शेयरहोल्डर्स के लिए क्लास B स्टॉक के 3.25 अरब डॉलर तक के राइट्स ऑफरिंग की भी योजना बना रही है। पैरामाउंट और वार्नर ब्रदर्स ने कहा कि उन्हें टेक्नोलॉजी इंटीग्रेशन, कॉर्पोरेट एफिशिएंसी और ऑपरेशंस को बेहतर बनाने से 6 अरब डॉलर से ज्यादा की बचत की उम्मीद है।