रिकॉर्ड हाई से सोना दस हजार रुपए सस्ता मिल रहा है। सिर्फ पिछले 2 दिनों सोना 2 हजार रुपए सस्ता हुआ है। दरअसल डॉलर में मजबूती और इकोनॉमी में शानदार रिकवरी के संकेतों से सोने पर दबाव देखने को मिला है। तो क्या सोना खरीदने का ये सही मौका है, या फेस्टिवल पर भाव और नीचे जा सकते हैं। इसी पर हम यहां चर्चा कर रहे हैं।
सोने में निवेश के मौके की बात करें तो सोना 5 हफ्ते के निचले स्तर पर फिसल गया है। कॉमेक्स पर इसका भाव 1760 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। MCX पर सोने का भाव 46,000 रुपए के स्तर पर है। सोने में एक दिन में करीब 3% की गिरावट देखने को मिली है। डॉलर में मजबूती से सोने पर दबाव बढ़ा है। मजबूत अमेरिकी आंकड़ों से भी दबाव बना है। US रिटेल सेल्स के आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहे हैं। अमेरिका में इंडस्ट्री प्रोडक्शन में रिकवरी देखने को मिली है। अगले हफ्ते FOMC की होने वाली बैठक पर बाजार की नजर है। सोने का भाव रिकॉर्ड हाई से करीब 20% नीचे आ गया है। 7 अगस्त 2020 को इसने 56191 रुपए का रिकॉर्ड हाई बनाया था। 1 साल में सोना 10,000 रुपए सस्ता हुआ है।
सोने पर मिले रिटर्न की बात करे तो MCX GOLD ने 1 हफ्ते में -1 फीसदी, 1 महीनें में -2 फीसदी, 3 महीनें में -2 फीसदी, इस साल अब तक -8 फीसदी रिटर्न दिया है। थोड़ा और लंबा नजरिया रखें तो एक साल में इसने -11 फीसदी और 3 साल में +51 फीसदी रिटर्न दिया है।
चांदी से मिले रिटर्न पर बात करें तो MCX सिल्वर ने 1 हफ्ते में -3 फीसदी, 1 महीनें में -1 फीसदी, 3 महीनें में -9 फीसदी, इस साल अब तक -10 फीसदी रिटर्न दिया है। थोड़ा और लंबा नजरिया रखें तो एक साल में इसने -11 फीसदी और 3 साल में +65 फीसदी रिटर्न दिया है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती के कारण सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रहा है।वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने की कीमतों में लगातार उठापटक जारी है। वहीं, भारतीय शेयर बाजारों में भी तेजी का रुख बना हुआ है। इससे सोने की कीमतें दबाव में चल रही हैं।