Gold Silver Prices: दिल्ली सर्राफा बाजार में 27 अक्तूबर को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। चांदी गिरकर 10 महीने के निचले स्तर पर आ गई। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नीचे बंद हुई। सोने में 500 रुपये की गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में कमजोरी का असर घरेलू बाजार में इनकी कीमतों पर पड़ा।
चांदी में 4000 रुपये की बड़ी गिरावट
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 4,000 रुपये गिरकर 1.98 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक यह चांदी का 10 महीनों का सबसे निचला स्तर है। सोमवार को चांदी की कीमतें दिल्ली सर्राफा बाजार में 2.02 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 2025 में 16 सितंबर को चांदी का भाव 1,98,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।
सोना का भाव 500 रुपये फिसला
दिल्ली में सोना 500 रुपये गिरकर 1,45,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। सोमवार को यह 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बीते कुछ हफ्तों से सोने और चांदी पर लगातार दबाव दिखा है। इसकी बड़ी वजह क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी में इंटरेस्ट रेट एक बार फिर बढ़ने का अनुमान है।
बुलियन पर डॉलर में मजबूती का असर
एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी एंड करेंसी एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा, "डॉलर में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार कमजोरी से घरेलू बाजार में सोने में कमजोरी रही। शॉर्ट टर्म में घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं। कीमत 1.40 से 1.44 लाख प्रति 10 ग्राम के बीच रह सकती है।"
अंतरराष्ट्रीय बाजार में देर शाम सोने-चांदी में हल्की तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4100 डॉलर के नीचे आ गया है। हालांकि, भारतीय समय के मुताबिक, 7:36 बजे स्पॉट गोल्ड हल्की तेजी के साथ 4,036 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। सिल्वर भी शाम तक हल्की तेजी दिखा रहा था। इसका भाव 54 डॉलर प्रति औंस था। हालांकि, क्रूड ऑयल की कीमतें अब भी हाई लेवल पर हैं। ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर से ऊपर था।
इस साल की शुरुआत में रिकॉर्ड ऊंचाई पर थीं कीमतें
इस साल जनवरी के आखिर में सोने और चांदी की कीमतें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं। उसके बाद उनमें तेज गिरावट आई। फरवरी के अंत में अमेरिका और ईरान के लड़ाई शुरू होने के बाद सोने और चांदी पर दबाव बढ़ गया।