पिछले दो दिनों में देश के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज (hdfc securities) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सोने की कीमत 56 रुपये घटकर 51,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। वहीं, चांदी भी 738 रुपए गिरकर 68,371 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले तीन दिनों में चांदी की कीमतों में लगभग 5000 रुपये की कमी आई है। गुरुवार को सोना 51, 826 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और चांदी 69,109 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती की वजह से घरेलू बाजार में सोने के भाव कम हुए हैं। मल्टीपल कमॉडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर में डिलिवर होने वाले वायदा सोने (Gold futures) भाव 0.02% घटकर 50,730 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं, चांदी की कीमत 7 रुपए गिरकर 66,919 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।
वैश्विक बाजार में बढ़े सोने के दाम
भारत में भले ही सोने के दाम में मामूली गिरावट आई हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसके दाम में तेजी देखने को मिली। न्यूयॉर्क में सोना 0.16% बढ़कर 1,935 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी 0.05% बढ़कर 26.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
इस वजह से आई गिरावट
HDFC securities के चीफ एनालिस्ट तपन पटेल ने कहा कि रुपये के मूल्य में सुधार होने के कारण दिल्ली में 24 कैरेट के सोने की हाजिर कीमत में 56 रुपये की मामूली गिरावट आई है। आपको बता दें कि रुपये में दो दिनों से जारी गिरावट थम गई और शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 33 पैसे की तेजी के साथ 73.14 पर बंद हुआ।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
