मध्य-पूर्व में इजरायल-हमास की लड़ाई (Israel-Hamas Conflict) विकराल रूप लेती दिख रही है। ऐसा लग रहा है कि दुनिया के देश इस युद्ध की वजह से दो हिस्सों में बंट सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो ऑयल की कीमतों पर इसका असर पड़ना तय है। इंडिया को ज्यादा नुकसान हो सकता है। इसकी वजह यह है कि इंडिया ऑयल की अपनी 80 फीसदी जरूरत आयात से पूरी करता है। इजरायल-हमास की लड़ाई की खबर से क्रूड में जबर्दस्त उछाल है। 9 अक्टूबर को क्रूड ऑयल का प्राइस 4.5 फीसदी उछलकर 87 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
पिछले हफ्ते क्रूड ऑयल में गिरावट देखने को मिली थी। लेकिन, युद्ध की खबर से क्रूड में उबाल दिख रहा है। इस बारे में पूछने पर पेट्रोलियम मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरा ने कहा कि मार्केट में क्रूड की पर्याप्त सप्लाई है। उन्होंने कहा कि OPEC को यह तय करने का अधिकार है कि वे कितना क्रूड ऑयल मार्केट में बेचना चाहते हैं। लेकिन, उन्हें यह ध्या रखना होगा कि ऑयल की कीमतें एक सीमा से ऊपर नहीं जाए।
एनर्जी ट्रांजिशन की रफ्तार बढ़ेगी
9 अक्टूबर को एक कार्यक्रम में पुरी ने कहा कि ऑयल मार्केट में जो अनिश्चितता दिख रहा है, उससे एनर्जी के मामले में तेजी से ट्रांजिशन देखने को मिलेगा। उनका मतलब यह था कि पेट्रोल और डीजल की जगह एनर्जी के दूसरे विकल्पों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बायोफ्यूल दुनिया को इस अनिशिचितता से बचा सकता है। उन्होंने कहा कि एनर्जी ट्रांजिशन तब दिखता है, जब ग्लोबल लेवल पर अनिश्चितता बढ़ती है। सरकार लगातार बायोफ्यूल का इस्तेमाल बढ़ाने की कोशिश कर रही है। पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के प्रोग्राम पर सरकार ने फोकस बढ़ाया है।
लड़ाई का दायरा बढ़ने से महंगा होगा क्रूड
इजरायल-हमास क्राइसिस की वजह से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बारे में पुरी ने कहा कि हम इस मसले से सावधानी से निपटेंगे। हम स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं। आगे हम इस मसले से निपटने का कुछ रास्ता निकाल लेंगे। एनालिस्ट्स का कहना है कि इजरायल और फिलिस्तीन तेल के बड़े उत्पादक नहीं हैं। लेकिन, इजरायल पर हमास के हमले में ईरान के शामिल होने की खबर ने ऑयल मार्केट की चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में पिछले कुछ महीनों में तेल का उत्पादन बढ़ा है। इससे पहले पुरी ने 4 अक्टूबर को ब्लूमबर्ग से बातचीत में कहा था कि क्रूड की कीमत 80 डॉलर प्रति बैरल या इससे कम होने पर इंडिया को दिक्कत नहीं होती है।