योग गुरु बाबा रामदेव की मालिकाना हक वाली रूचि सोया इंडस्ट्रीज (Ruchi Soya) ने मंगलवार को यानी 29 जून को वित्त वर्ष 2020-21 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी करते हुए बताया कि इस अवधि में उसका मुनाफा 314.33 करोड़ रुपये रहा है। Ruchi Soya ने एक्सचेंजों में की गई फाइलिंग में बताया कि उसे इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 41.24 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
Ruchi Soya की मार्च तिमाही की आय में भी बढ़त हुई है। इस अवधि में कंपनी की आय 51 प्रतिशत बढ़कर 4,859.5 करोड़ रुपये रही है। जो इससे पिछले वर्ष की इसी तिमाही में 3,209.02 करोड़ रुपये पर रही थी।
31 मार्च 2021 को खत्म तिमाही में Ruchi Soya का EBITDA 5.57 फीसदी बढ़कर 270.60 करोड़ रुपये रहा जो साल-दर साल 272 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि दर्शाता है। एफएमसीजी सेगमेंट में 24.35 फीसदी की वृद्धि के साथ Ruchi Soya का रेवेन्यू बढ़कर 16, 383 करोड़ पर पहुंच गया। तिमाही के दौरान Ruchi Soya की आय 51 फीसदी बढ़कर 4859.5 करोड़ रुपये हो गई।
पूरे वित्त वर्ष 2021 के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2020-21 में कंपनी का मुनाफा घटकर 680.77 करोड़ रुपये रहा है। बता दें कि वित्त वर्ष 2019-20 में कंपनी का मुनाफा 7,672 करोड़ रुपये पर रहा था। कंपनी की कुल आय बीते वित्त वर्ष में बढ़कर 16,382.97 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वर्ष में 13,175.36 करोड़ रुपये थी।
FPO लाने की तैयारी
बाबा रामदेव के पतंजलि समूह ने वर्ष 2019 में दिवाला प्रक्रिया के तहत रुचि सोया (Ruchi Soya) का अधिग्रहण किया था। बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद के स्वामित्व वाली रुचि सोया (Ruchi Soya) कंपनी की तरफ से इस महीने की 12 जून को सेबी के पास FPO का मसौदा जमा कराया है। रूचि सोया के शेयरों की बिक्री के जरिए 4,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। बाबा रामदेव की रुचि सोया का फॉलो ऑन पब्लिक इश्यू के जरिए शेयर बेचा जाएगा। इसे अगले महीने मंजूरी मिलने की संभावना है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.