L&T Tech ने तीसरी तिमाही में अच्छे नतीजे पेश किए हैं। कंपनी के मुनाफे में करीब 13 फीसदी का उछाल आया है। डॉलर आय और मार्जिन में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 165.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 186.1 करोड़ रुपये हो गया है।

वित्त वर्ष 2021 तीसरी तिमाही में कंपनी की  आय 6.6 फीसदी बढ़कर 1,400 करोड़ रुपये हो गई है जो कि इस साल की दूसरी तिमाही में 1,313.8 करोड़ रुपये रही थी।

तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी  का EBIT 18.4 फीसदी बढ़कर 180.1 करोड़ रुपये के मुकाबले 213.3 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं EBIT Margin 13.7 फीसदी से बढ़कर 15.2 फीसदी पर आ गई है।

कंपनी  के नतीजे और आगे  के आउटलुक पर बातचीत करते हुए कंपनी के Deputy CEO & Whole Time Director Amit Chadha ने  कहा कि कोरोना के चलते पहली तिमाही में प्रदर्शन कमजोर था। अब कारोबार प्री-कोविड स्तर के करीब आ रहा है। ग्राहक डिजिटल इंजीनियरिंग पर ज्यादा खर्च कर रहे हैं। खराब दौर अब खत्म हो चुका है। चौथी तिमाही में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

उन्होंने आगे कहा कि कंपनी को आगे कई नए ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने डील्स पर काम करने के लिए अलग से डिविजन तैयार किया  है। 2 करोड़ डॉलर से 5 करोड़ डॉलर के कई डील्स पर काम जारी है। साथ  ही उनका मानना है कि बजट में सरकार को R&D को प्रोत्साहन देना चाहिए।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।