Bajaj Finserv Q4 Results: बजाज फिनसर्व लिमिटेड (Bajaj Finserv Ltd – BFL) ने मार्च 2025 को समाप्त चौथी तिमाही (Q4FY25) में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। यह मुनाफा बढ़कर ₹2,417 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (जनवरी-मार्च 2024) में ₹2,119 करोड़ था।
इस दौरान कंपनी की कंसोलिटेडेट इनकम ₹35,596 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में ₹32,042 करोड़ थी। BFL ने यह जानकारी रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए दी। यह कंपनी बजाज ग्रुप की अलग-अलग फाइनेंशियल सर्विसेज की होल्डिंग कंपनी है।
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने ₹1 प्रति शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है, जो शेयर के फेस वैल्यू ₹1 के 100 प्रतिशत के बराबर है। यह डिविडेंड आगामी एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू होगा।
वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 9 प्रतिशत बढ़कर ₹8,872 करोड़ हो गया, जो FY24 में ₹8,148 करोड़ था। वहीं, पूरे साल की कंसोलिटेड इनकम ₹1,33,822 करोड़ रही, जो एक साल पहले ₹1,10,383 करोड़ थी।
बजाज फिनसर्व के शेयर मंगलवार (29 अप्रैल) को 0.69% की बढ़त के साथ ₹2,063.80 पर बंद हुए। पिछले 1 महीने में कंपनी के शेयरों में 6.54% की तेजी आई है। वहीं, 1 साल में इसने 29.34% रिटर्न दिया है। इस साल यानी 2025 में अब तक निवेशक बजाज फिनसर्व से 30.92% का मुनाफा कमा चुके हैं। कंपनी का मार्केट कैप ₹3.30 लाख करोड़ है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।