BANK OF INDIA Q1: बैंक ऑफ इंडिया ने 30 जून 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 176 फीसदी बढ़कर 1551 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में बैंक का मुनाफा 561 करोड़ रुपए पर रहा था।
ब्याज से होने वाली कमाई भी बढ़ी
30 जून 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में बैंक ऑफ इंडिया की ब्याज से होने वाली कमाई सालाना आधार पर 45 फीसदी की बढ़त के साथ 5914 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई 4072.4 करोड़ रुपए पर रही थी।
जून तिमाह में बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार आया है। इस अवधि में बैंक ऑफ इंडिया की ग्रॉस एनपीए तिमाही आधार पर 7.31 फीसदी से घटकर 6.67 फीसदी पर रही है। वहीं, नेट एनपीए पिछली तिमाही के 1.66 फीसदी से घटकर 824 फीसदी पर रही है। वहीं, बैंक की प्रॉविजनिंग सालाना आधार पर 1322 करोड़ रुपए से घटकर 824 करोड़ रुपए पर रही है।
नेट इंटरेस्ट मार्जिन में बढ़त
वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक ऑफ इंडिया की नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 51 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 3.37 फीसदी पर रही है जो पिछले साल की इसी तिमाही में 2.87 फीसदी पर रही थी।
घरेलू जमा सालाना आधार पर 7.98 फीसदी बढ़ी
जून तिमाही में बैंक की घरेलू जमा सालाना आधार पर 7.98 फीसदी बढ़कर 5.89 लाख करोड़ रुपये पर रही है। वहीं, चालू खाता और बचत खाता (CASA) सालाना आधार पर 7.56 फीसदी बढ़कर 2.6 लाख करोड़ पर रहे हैं। जबकि CASA अनुपात 44.52 फीसदी पर रहा है। इस अवधि में बैंक ऑफ इंडिया के डोमेस्टिक एडवांसेज सालाना आधार पर 7.98 फीसदी बढ़कर रु. 4.33 लाख करोड़ पर रहे हैं।
28 जुलाई को बैंक ऑफ इंडिया के शेयर बीएसई पर 0.84 फीसदी गिरकर 83.96 रुपये पर बंद हुए हैं। आज का इस स्टॉक का दिन का लो 81.80 रुपए और दिन का हाई 85.45 रुपए रहा। स्टॉक का 52 वीक हाई 103.50 रुपए और दिन का लो 45.85 रुपए है। स्टॉक का ट्रेडिंग वॉल्यूम 10525169 शेयर रहा है। बैंक का मार्केट कैप 34469 करोड़ रुपए है।