CG Power के बोर्ड ने गुरुवार को तुरंत प्रभाव से कंपनी के चेयरमैन गौतम थापर को हटाने का फैसला किया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब पिछले हफ्ते कंपनी में फाइनेंशियल फ्रॉड का खुलासा हुआ। इसके बाद बोर्ड ने फॉरेंसिक इनवेस्टिगेशन का आदेश दिया था।
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारियों में कंपनी ने बताया कि बोर्ड ने यह फैसला बहुमत से लिया है। कंपनी अभी जिस हालात से जूझ रही है उसको देखते हुए गौतम थापर को हटाया गया है। कंपनी ने कहा, यह फैसला कंपनी और शेयरहोल्डर्स के हित को देखते हुए लिया गया है।
पिछले हफ्ते कंपनी ने कहा था कि सीनियर एग्जिक्यूटिव सहित कंपनी के कुछ पुराने और नए अधिकारियों ने मिलकर अनअथॉराइज्ड लेनदेन किया है। इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने जांच के आदेश दिए थे।
CG पावर थापर के मालिकाना हक वाले अवंता ग्रुप का एक हिस्सा है। हालांकि कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी नामात्र है। यस बैंक सहित कई फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस की कंपनी में हिस्सेदारी है। इसका एक अहम शेयरहोल्डर सुनील मित्तल का भारती ग्रुप है।
इस घोटाले का खुलासा होने के बाद से कंपनी के शेयरों की वैल्यू घटकर आधी हो गई है। अब कंपनी अपने नॉन कोर बिजनेस बेचने और इक्विटी फंड जुटाकर कैश फ्लो में कमी की भरपाई करने वाली है।
हालांकि पिछले तीन कारोबारी सत्र से कंपनी के शेयरों में अपर सर्किट लगा है। कंपनी के शेयर गुरुवार को 5 फीसदी बढ़कर 10 रुपए पर पहुंच गए हैं।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
