अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Adani Enterprises Ltd) का मुनाफा वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही में 30 फीसदी बढ़कर 304 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 234 करोड़ रुपये था। कंपनी की कंसॉलिडेटेड इनकम मार्च तिमाही में बढ़कर 24,866 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 13,525 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का मुनाफा गिरकर 777 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष 923 करोड़ रुपये था। वहीं इसका कंसॉलिडेटेट रेवेन्यू 74.81 फीसदी बढ़कर 70,432.69 करोड़ रुपये रहा है। अडानी एंटरप्राइजेज ने प्रत्येक शेयर पर 1 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है।
अडानी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा कि कंपनी के लिए आगे का सफर काफी दिलचस्प रहने वाला है क्योंकि इसने नेटवर्क एयरपोर्ट इकोसिस्टम, रोड व वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन डेटा सेंटर्स जैसे नए बिजनेस में कदम रखा है। उन्होंने कहा, "इसके अलावा न्यू एनर्जी बिजनेस और डिजिटल कंज्यूपर प्लेटफॉर्म पर भी हमारा फोकस है, जो शेयरहोल्डरों की वैल्यू को आने वाले समय में बढ़ाने का काम करेगा।"
अडानी एंटरप्राइजेज का EBITDA (अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट टैक्स डेप्रिशिएशन और एमॉर्टाइजेशन) 45 फीसदी बढ़कर 4,726 करोड़ रुपये रहा है।
अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 0.16 फीसदी की बढ़त के साथ 2,335.70 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में इसके शेयरों का भाव करीब 13.06 फीसदी बढ़ा है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 85.01 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है।
अडानी ट्रांसमिशन को ग्रीन ट्रांसमिशन इनवेस्टमेंट से ₹3,850 करोड़ के निवेश को मिली मंजूरी
इस बीच अडानी ट्रांसमिशन लिमिटेड को उसके शेयरधारकों ने लगभग 3,850 करोड़ रुपये मूल्य के 1.56 करोड़ शेयर तरजीही आधार पर ग्रीन ट्रांसमिशन इनवेस्टमेंट होल्डिंग्स RSC लिमिटेड को जारी करने को मंजूरी दे दी है। फिलहाल, IHC कैपिटल होल्डिंग LLC, ग्रीन ट्रांसमिशन इनवेस्टमेंट होल्डिंग्स RSC लिमिटेड की प्रमुख शेयरधारक है।