ABFRL Share Price: आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल (Aditya Birla Fashion and Retail(ABFRL) ने आज यानी कि शुक्रवार 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2024 के के लिए पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया। पहली तिमाही के दौरान कंपनी को घाटा उठाना पड़ा है। कंपनी द्वारा घोषित नतीजों के मुताबिक FY24 की जून तिमाही के लिए आदित्य बिड़ला फैशन को 161.62 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध घाटा हुआ। जबकि कंपनी को पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 94.44 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि कंपनी का कुल रेवन्यू 3,196.06 करोड़ रुपये रहा है। जो एक साल पहले की तिमाही में दर्ज रेवन्यू 2,874.76 करोड़ रुपये से 11 प्रतिशत अधिक है।
पहली तिमाही के लिए EBIDTA से सालाना आधार पर 37.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 292.3 करोड़ रुपये रहा। जबकि EBIDTA मार्जिन सालाना आधार पर गिरकर 9.1 प्रतिशत रही। जबकि ये पिछले साल की समान तिमाही में 16.3 प्रतिशत रही थी।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कंपनी को त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ गैरजरूरी खर्च में बढ़ोतरी की उम्मीद है। जिससे दूसरी छमाही में कंपनी के ग्रोथ ट्रैजेक्टरी को और बढ़ावा मिलेगा।
नतीजे जारी होने के बाद एनएसई (NSE) पर दोपहर 3 बजे तक आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल (Aditya Birla Fashion and Retail) का शेयर मूल्य 2.94 प्रतिशत गिरकर 214.45 रुपये हो गया। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 359.50 रुपये रहा है। जबकि इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 184.40 रुपये रहा है। आज के कारोबार में इसने 224.90 का हाई और 204 रुपये का लो हिट किया।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)