Bajaj Finance Q4 results: कंपनी को अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा, मार्च तिमाही में 80% बढ़कर ₹2,420 करोड़ रहा नेट प्रॉफिट

Bajaj Finance Q4 results: कंपनी ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 20 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है

अपडेटेड Apr 26, 2022 पर 7:23 PM
Bajaj Finance के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 3.61% बढ़कर 7,258.60 रुपये पर बंद हुए

बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का मार्च तिमाही में कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 80 फीसदी बढ़कर 2,420 करोड़ रुपये रहा है, जो किसी भी तिमाही में दर्ज किया गया उसका अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का नेट कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट ₹1,346 करोड़ रुपये था।

बजाज फाइनेंस का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) मार्च तिमाही में 30 फीसदी बढ़कर 6,068 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 4,659 करोड़ रुपये था। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 20 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया।

कंपनी का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) मार्च तिमाही में 29 फीसदी बढ़कर 1.97 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इसमें 5,365 करोड़ रुपये की आईपीओ फाइनेंसिंग से मिली राशि भी शामिल है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का AUM 1.52 लाख करोड़ रुपये था।


यह भी पढ़ें- Adani Wilmar ने ढाई महीने में दिया 247% रिटर्न, बनी 1 लाख करोड़ से ज्यादा Mcap वाली Adani Group की 7वीं कंपनी

चौथी तिमाही में नए लोन की संख्या 15 फीसदी बढ़कर 62.8 लाख रही है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 54.7 लाख थी। कंपनी का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (Gross-NPA) और नेट NPA मार्च तिमाही में क्रमश: 1.60% और 0.68% फीसदी रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में ये क्रमश: 1.79% और 0.75% था।

इस बीच बजाज फाइनेंस के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 3.61 फीसदी बढ़कर 7,258.60 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के नतीजे शेयर बाजार में कारोबार खत्म होने के बाद ऐलान हुए है। बजाज फाइनेंस के शेयरों ने पिछले एक महीने में अपने निवेशकों को 3.67 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं पिछले एक साल में इनमें करीब 49.20 फीसदी की तेजी आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।