Bajaj Finserv Q4 Results: शुद्ध मुनाफा 20% बढ़कर ₹2,119 करोड़ रहा, डिविडेंड बांटने का भी किया ऐलान

Bajaj Finserv Q4 Results: बजाज फिनसर्व ने शुक्रवार 26 अप्रैल को वित्त वर्ष 2024 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 20 फीसदी बढ़कर 2,119 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने कहा बजाज फाइनेंस की मजबूत ग्रोथ के चलते उसे मार्च तिमाही में अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली

अपडेटेड Apr 26, 2024 पर 4:23 PM
Bajaj Finserv Q4 Results: बजाज फिनसर्व की कुल इनकम मार्च तिमाही में 35.6% बढ़कर 32,041.93 करोड़ रुपये रही

Bajaj Finserv Q4 Results: बजाज फिनसर्व ने शुक्रवार 26 अप्रैल को वित्त वर्ष 2024 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 20 फीसदी बढ़कर 2,119 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,769 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने कहा बजाज फाइनेंस की मजबूत ग्रोथ के चलते उसे मार्च तिमाही में अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली। बजाज फिनसर्व का कुल कंसॉलिडेटेड इनकम मार्च तिमाही में 35.6 फीसदी बढ़कर 32,041.93 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 23,625 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 33 फीसदी बढ़कर 14,649.29 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 11,025.45 करोड़ रुपये रहा था।

Bajaj Finserv ने Dividend का किया ऐलान

कंपनी ने बताया कि उसके बोर्ड ने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 100 प्रतिशत यानी 1 रुपये डिविडेंड देने की सिफारिश की है। बजाज फिनसर्व ने कहा कि वह डिविडेंड पर कुल 159.55 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जो पिछले साल करीब 127.43 करोड़ रुपये रहा था।


शेयर 3.66% लुढ़के

इस बीच बजाज फाइनेंस के शेयर आज एनएसई पर 3.66% की गिरावट के साथ 1,595 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में 4.86 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। हालांकि पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 17.28 फीसदी का रिटर्न दिया है।

Bajaj Finance Q4 Results

इससे एक दिन पहले बजाज फाइनेंस ने भी अपने मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़कर 3,825 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी को 3158 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं उसका एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) मार्च तिमाही में 34 फीसदी बढ़कर 3.31 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

चौथी तिमाही में बजाज फाइनेंस का नेट इंटरेस्ट इनकम 28 फीसदी बढ़कर 8,013 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल इसी तिमाही में 6,254 करोड़ रुपये रहा था। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट टोटल इनकम 25 फीसदी बढ़कर 9,714 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 7,775 करोड़ रुपये था।

यह भी पढ़ें- कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में गजब का खेल, बस एक दिन में ₹1,000 से 20 लाख कमाए! 71,600% तक बढ़ गया भाव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।