सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra or BoM) का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में नेट प्रॉफिट 72 प्रतिशत के उछाल के साथ 920 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ब्याज आय बढ़ने और डूबा कर्ज घटने से बैंक का मुनाफा बढ़ा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक ने 535 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट कमाया था। सितंबर तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 5,796 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,317 करोड़ रुपये थी।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने कहा कि दूसरी तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय बढ़कर 5,068 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 3,815 करोड़ रुपये थी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के प्रबंध निदेशक ए एस राजीव का कहना है कि सितंबर तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) बढ़कर 3.89 प्रतिशत हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3.55 प्रतिशत था।
सितंबर 2023 के अंत तक बैंक का NPA (Non-Performing Assets) घटकर कुल लोन का 2.19 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले समान अवधि में 3.40 प्रतिशत था। इसी तरह बैंक का शुद्ध एनपीए भी 0.68 प्रतिशत से घटकर 0.23 प्रतिशत रह गया।
BSE पर बैंक का शेयर सोमवार को बढ़त के साथ 47.01 रुपये पर खुला। फिर यह पिछले बंद भाव 46.83 रुपये से 2.5 प्रतिशत उछलकर 48 रुपये तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 47.42 रुपये पर बंद हुआ। NSE पर शेयर 47.10 रुपये पर खुला। दिन के दौरान इस इंडेक्स पर भी शेयर 48 रुपये तक उछला और बाद में 1.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 47.45 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 51.90 रुपये है, जो 4 अक्टूबर 2023 को देखा गया था।