Bharti Airtel December Quarter Results: भारती एयरटेल का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 55 प्रतिशत गिर गया। आंकड़ा 6630.5 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 14781.2 करोड़ रुपये था। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि इस बीच ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले से 19.6 प्रतिशत बढ़कर 53981.6 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 45129.3 करोड़ रुपये था।
भारती एयरटेल में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 48.87 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का मार्केट कैप 11.35 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,08,943.90 करोड़ रुपये रहा था। इस बीच शुद्ध मुनाफा 23,501.80 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Bharti Airtel के शेयर की चाल
5 फरवरी को भारती एयरटेल का शेयर BSE पर 1.65 प्रतिशत गिरावट के साथ 1992.05 रुपये पर बंद हुआ। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर 3 साल में 150 प्रतिशत चढ़ा है। 2 साल में इसने लगभग 80 प्रतिशत और एक साल में 20 प्रतिशत की तेजी देखी है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 2,174.70 रुपये और एडजस्टेड लो 1561 रुपये है।
वैश्विक शेयर बाजारों के कमजोर रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार लगातार तीन सत्रों की बढ़त के बाद गुरुवार को गिरावट में बंद हुए। सेंसेक्स 503.76 अंक या 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,313.93 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 133.20 अंक या 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,642.80 पर बंद हुआ। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब 4 प्रतिशत लुढ़क गया। जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट भी नुकसान में बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ।