Bharti Hexacom Q4 results: भारती हेक्साकॉम ने मंगलवार 14 मई को वित्त वर्ष 2024 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10.2 फीसदी बढ़कर 222 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बताया कि 4G और 5G ग्राहकों की संख्या बढ़ने और मजबूत ARPU से उसे अपना मुनाफा बढ़ने में मदद मिली। भारती हेक्साकॉम का रेवेन्यू मार्च तिमाही में 7.8 फीसदी बढ़कर 1,868 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) सालाना आधार पर 14.6 फीसदी बढ़कर 914 करोड़ रुपये रहा।
भारती हेक्साकॉम का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन (EBITDA Margin) बेहतर होकर 48.9 फीसदी रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 46.0 फीसदी था। कंपनी ने बताया कि उसका मोबाइल रियलाइजेशन सालाना आधार पर 6.8 फीसदी बढ़ा। वहीं प्रति यूजर औसत रेवेन्यू (ARPU) 204 रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 189 रुपये था।
भारती हेक्साकॉम ने इसके साथ ही शेयरधारकों को हर शेयर पर 4 रुपये का डिविडेंड देने का ऐलान किया है। हालांकि इस फैसले पर अभी शेयरधारकों से मंजूरी लिया जाना बाकी है।
पूरे वित्त वर्ष 2024 में, भारती हेक्साकॉम का रेवेन्यू सालाना आधार पर 7.7 फीसदी बढ़कर 7,089 करोड़ रुपये रहा। वहीं ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 3,490 करोड़ रुपये और EBITDA मार्जिन 5.34 फीसदी बढ़कर 49.2 फीसदी रहा। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2024 में उसका शुद्ध एक्स्पेशनल आइटम से पहले 911 करोड़ रुपये और एक्स्पेशनल आइटम के बाद 504 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने एक बयान में कहा, "हमने 4जी/5जी ग्राहकों की मजबूत बाजार हिस्सेदारी हासिल करना जारी रखा है और पिछले साल की तुलना में हमारे नेटवर्क में 25 लाख 4जी/5जी डेटा ग्राहक जुड़े हैं। यह पिछले साल से 14.5% अधिक है।" बता दें कि भारती हेक्साकॉम, राजस्थान और नार्थ ईस्ट के टेलीकॉम सर्कल में ग्राहकों को 'एयरटेल' ब्रांड के तहत टेलीकॉम सेवाएं मुहैया कराती है।
इस बीच कंपनी के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 0.57 फीसदी की तेजी के साथ 895 रुपये के भाव पर बंद हुए।