Britannia Q1 Results: ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार 4 अगस्त को मौजूदा वित्त वर्ष पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसने 455.45 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में रहे 335.74 करोड़ रुपये के मुनाफे 35 फीसदी अधिक है। हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 18.3 प्रतिशत कम रहा क्योंकि मार्च तिमाही में इसका मुनाफा 557.60 करोड़ रुपये रहा था। Britannia ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसका रेवेन्यू जून तिमाही में 8.36 प्रतिशत बढ़कर 4,010.70 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 3,700.96 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में 0.31 फीसदी की गिरावट आई है।
ब्रिटानिया का रेवेन्यू काफी हद तक अनुमानों के मुताबिक रहा, लेकिन उसका मुनाफा अनुमान से चूक गया। ब्रोकरेज ने एक पोल में, ब्रिटानिया का शुद्ध मुनाफा 517 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 4,101 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद लगाई थी।
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) जून तिमाही में 37.6 फीसदी बढ़कर 689 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका ऑपरेटिंग मार्जिन 3.70 फीसदी बेहतर होकर 17.2 फीसदी रहा।
कंपनी के एग्जिक्यूटिव वाइस-चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, अरुण बैरी ने कहा, “हम एक बहुत ही सफल वित्त वर्ष से बाहर आए हैं, जिसमें महंगाई की उच्च दरों के बीच आर्थिक रिकवी देखा गया। बाजार की अग्रणी कंपनी के रूप में, हमने महंगाई को संतुलित करने और मुनाफा बरकरार रखने के लिए कीमतों को तय करने की अगुआई की। हालांकि, इस तिमाही में कमोडिटी की कीमतों में मामूली नरमी आई है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर मार्केट में कॉम्पिटीशन तेज हुआ है। इसे देखते हुए इस तिमाही हमने अपने मूल्यों में कुछ बदलाव किए हैं।"
ब्रिटानिया ने शुक्रवार को अपने नतीजों का शेयर बाजार का कारोबार खत्म होने के बाद जारी किया। शुक्रवार को इसके शेयर बीएसई पर 0.07 फीसदी की तेजी के साथ 4,802.55 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 11.89 फीसदी की तेजी आई है।