Britannia Industries ने 4 अगस्त को 30 जून 2022 को खत्म हुई पहली तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इसके मुताबिक कंपनी के कंसोलिडेटेड मुनाफे में सालाना आधार पर 14 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है और ये 336 करोड़ रुपये पर रहा है। वहीं, तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 11.6 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। बता दें कि कंपनी के नतीजे अनुमान से कमजोर रहे है। CNBC-TV18 का अनुमान था कि 30 जून 2022 को समाप्त तिमाही में कंपनी का मुनाफा 410 करोड़ रुपये रह सकता है।
30 जून को खत्म हुई पहली तिमाही में कंपनी के आय में सालाना आधार पर 8.7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह 3,701 करोड़ रुपये रहा है। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी के आय में 4.2 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। जबकि CNBC-TV18 के पोल में कंपनी के आय के 3750 करोड़ रुपये पर रहने का अनुमान किया गया था।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर वरुण बेरी ने कहा है कि इस चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल में भी लगातार अच्छी ग्रोथ देखने को मिल रही है जो हमारे टीम की काबिलियत और हमारी गो टू मार्केट स्ट्रैटजी का परिणाम है। उन्होनें यह भी कहा कि कंपनी लगातार 36 क्वाउंटर से अपने मार्केट शेयर में बढ़ोतरी कर रही है यह अपने में बड़ी उपलब्धि है।
30 जून 2022 को खत्म हुई पहली तिमाही में कंपनी का एबिटडा 553.8 करोड़ रुपये से घटकर 501 करोड़ रुपये पर रही है जो कि सालाना आधार पर 9.6 फीसदी की गिरावट दर्शाता है। वहीं CNBC-TV18 के पोल में इसके 576 करोड़ रुपये पर रहने का अनुमान किया गया था।
साल -दर -साल आधार पर पहली तिमाही में कंपनी की एबिटडा मार्जिन 16.3 फीसदी से घटकर 13.5 फीसदी पर रही है। जबकि CNBC-TV18 के पोल में इसके 15.4 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया था।