Coal India Q2 Result: मुनाफा दोगुना बढ़कर ₹6,044 करोड़ पर पहुंचा, प्रति शेयर ₹15 का डिविडेंड देगी कंपनी

Coal India का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 29,838 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 23,291 करोड़ रुपये रहा था

अपडेटेड Nov 07, 2022 पर 9:15 PM
Coal India के शेयर सोमवार को NSE पर 1.40% बढ़कर 249.50 रुपये पर बंद हुए
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    Coal India Q2 Result: भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड ने आज सोमवार 7 नवंबर को मौजूदा वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि उसका शुद्ध मुनाफा सिंतबर तिमाही में करीब 106 फीसदी बढ़कर 6,044 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,933 करोड़ रुपये था। हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 32 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जो जून तिमाही के दौरान 8,834 करोड़ रुपये रहा था।

    कोल इंडिया का रेवेन्यू 28% बढ़ी

    Coal India का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 29,838 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 23,291 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 15 फीसदी घट गया, जो इसके पहले जून तिमाही में 35,092 करोड़ रुपये रहा था।

    कंपनी को अधिक रियलाइजेशन और डिस्पैच के चलते पिछले साल के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करने में सफलता मिली। हालांकि तिमाही आधार पर मानसून बारिश के चलते उत्पादन और डिस्पैच प्रभावित होने से कंपनी के रेवेन्यू में गिरावट दर्ज की गई। वहीं दूसरे स्रोतों से आय और देर से हुए टैक्स क्रेडिट के चलते सितंबर तिमाही में कंपनी के मुनाफे में शानदार उछाल देखी गई।


    यह भी पढ़ें- Rekha Jhunjhunwala ने सितंबर तिमाही में इन 2 नई कंपनियों के खरीदे शेयर, तीन के बेचे, जानें डिटेल

    दूसरे स्रोतों से आय 125% बढ़ी

    Coal India का दूसरे स्रोतों से आय सालाना आधार पर 125 फीसदी और तिमाही आधार पर 77 फीसदी बढ़कर सितंबर तिमाही में 1,761 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा कंपनी को इस दौरान 264 करोड़ रुपये का टैक्स क्रेडिट मिला। हालांकि इसकी पिछली तिमाही कंपनी का 734 करोड़ रुपये का टैक्स एक्सपेंस भी रहा था।

    ई-नीलामी के जरिए 1.36 करोड़ टन कोयला बेचा

    कोल इंडिया ने सितंबर तिमाही के दौरान को दौरान ई-नीलामी के जरिए 1.36 करोड़ टन कोयला बेचा। इसकी औसत प्राप्ति 6,061 रुपये प्रति टन थी जबकि रेगुलेटेड बिक्री 14.16 करोड़ टन रही।

    प्रति शेयर 15 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान

    कोल इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए प्रति शेयर 15 रुपये के पहले अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया। कोल इंडिया ने अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के उद्देश्य से 16 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया है और योग्य शेयरधारकों के खाते में 6 दिसंबर तक इसका भुगतान किया जाएगा।

    कोल इंडिया के शेयर इस साल 60.66% चढ़े

    इस बीच कोल इंडिया के शेयर सोमवार को एनएसई पर 1.40% बढ़कर 249.50 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 8.55 फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक कोल इंडिया के शेयरों में करीब 60.66 फीसदी की तेजी आई है।

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।