कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने बुधवार 26 मई को वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 46.3 फीसदी बढ़कर 6,715 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4,589 करोड़ रुपये था। वहीं तिमाही के आधार पर कंपनी का मुनाफा 47.4 फीसदी बढ़ा है क्योंकि दिसंबर तिमाही में इसका मुनाफा 4,557 करोड़ रुपये रहा था।
Coal India की आमदनी मार्च तिमाही में 22.5 फीसदी बढ़कर 32,707 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 26,700 करोड़ थी। वहीं दिसबंर तिमाही में कंपनी की आमदनी 28,433 करोड़ रुपये रही थी, ऐसे में तिमाही आधार पर आमदनी में 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
पूरे वित्त वर्ष 2022 में कोल इंडिया का शुद्ध मुनाफा 36.8 फीसदी बढ़कर 17,378 करोड़ रुपये रहा है, जबकि वित्त वर्ष 2021 में कंपनी का मुनाफा 12,702 करोड़ रुपये रहा था।
इसी तरह पूरे वित्त वर्ष 2022 के दौरान कोल इंजिया का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 22 फीसदी बढ़कर 1,09,714 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 90,026 करोड़ रुपये था।
कोल इंडिया का मार्च तिमाही में उत्पादन 10.9 करोड़ टन रहा, जो सालाना आधार पर 2.8 फीसदी और पिछली तिमाही से 109 फीसदी अधिक है। वहीं पुरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का उत्पादन 62.26 करोड़ टन रहा।
3 रुपये/शेयर के डिविडेंड का ऐलान
कोल इंडिया ने 10 रुपये के फेसवैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर वित्त वर्ष 2022 के लिए प्रति शेयर 3 रुपये का डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
इस बीच कोल इंडिया के शेयर बुधवार को NSE पर 0.88% की गिरावट के साथ 180.75 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 5.56 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 24 फीसदी का रिटर्न दिया है।