Dabur Q1 Results: डाबर इंडिया लिमिटेड (Dabur India Ltd) ने 3 अगस्त को वित्त वर्ष 24 की पहली तिमाही के लिए 456.61 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। एक साल पहले की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 441.06 करोड़ रुपये रहा। अबकी बार इसमें 3.52 प्रतिशत की वृद्धि नजर आई है। कंपनी का मुनाफा पिछली तिमाही के 292.76 करोड़ रुपये से 55.9 प्रतिशत ज्यादा रहा। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि रेवन्यू 3,130.47 करोड़ रुपये रहा। जो एक साल पहले की तिमाही में 2,822.43 करोड़ रुपये से 10.91 प्रतिशत अधिक है। वहीं तिमाही आधार पर रेवन्यू में 16.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
पहली तिमाही में कंपनी का EBIDTA से 11.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 604.7 करोड़ रुपये रहा। जबकि EBIDTA मार्जिन एक साल पहले की अवधि के समान 19.3 प्रतिशत रही।
Dabur India के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मोहित मल्होत्रा (Chief Executive Officer, Mohit Malhotra) ने कहा “हम अपने ब्रांडों के साथ मजबूत उपभोक्ता जुड़ाव देखना जारी रख रहे हैं। जिससे हमें बाजार में काफी आगे बढ़ने में मदद मिलती है। इससे हमें 90 प्रतिशत पोर्टफोलियो में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिलती है। मुद्रास्फीति में नरमी के साथ, हमने देखा है कि हमारी रूरल ग्रोथ तीन तिमाहियों के बाद हाई सिंगल डिजिट में वापस आ गई है।"
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, डाबर के अंतर्राष्ट्रीय कारोबार में कॉन्स्टैंट करेंसी के संदर्भ में 20.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
किस सेगमेंट में कितने bps की हुई बढ़त
कंपनी के प्रमुख खांसी और जुकाम ब्रांड हनीटस की बढ़ती मांग के कारण, डाबर के ओटीसी कारोबार ने तिमाही के दौरान 24.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। डाइजेस्टिव कारोबार 14.3 प्रतिशत बढ़ा जबकि होम केयर व्यवसाय ने 14.5 प्रतिशत की छलांग लगाई। तिमाही के दौरान ओरल केयर पोर्टफोलियो में 12.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जबकि हेयर केयर पोर्टफोलियो में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जहां फूड्स बिजनेस में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, वहीं बेवरेजेज पोर्टफोलियो पर बेमौसम बारिश का असर पड़ा।
हेयर ऑयल श्रेणी में, डाबर ने तिमाही के अंत में 200 bps की बढ़त हासिल की। इस श्रेणी में कंपनी की अब तक की सबसे ऊंची हिस्सेदारी 17.4 प्रतिशत पर पहुंच गई। डाबर रेड पेस्ट ने 50 bps बाजार हिस्सेदारी हासिल की, जिससे कुल टूथपेस्ट बाजार हिस्सेदारी 16.9 प्रतिशत हो गई। ओडोमोस ने 340 bps की बढ़त हासिल की, जिससे मच्छर प्रतिरोधी श्रेणी में कंपनी की हिस्सेदारी 58.9 प्रतिशत हो गई। डाबर ने च्यवनप्राश बाजार हिस्सेदारी में 320-bps की बढ़त दर्ज की।
दोपहर 3:03 बजे तक डाबर का शेयर 1.70 प्रतिशत गिरकर 556.05 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)