DLF का शुद्ध मुनाफा पहली तिमाही में 39% बढ़कर 469.57 करोड़ पर पहुंचा, टोटल इनकम में 22% की उछाल

DLF Q1 Results: रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी डीएलएफ (DLF) ने शुक्रवार को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2022) के नतीजे जारी किए

अपडेटेड Jul 29, 2022 पर 9:06 PM
DLF के शेयर शुक्रवार को NSE पर 0.50% बढ़कर 383.90 रुपये पर बंद हुए

DLF Q1 Results: रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी डीएलएफ (DLF) ने शुक्रवार को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2022) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा (Net Profit) सालाना आधार पर करीब 39 फीसदी बढ़कर 469.57 करोड़ रुपये पर रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 337.10 करोड़ रुपये था।

कंपनी की कुल आय (Total Income) जून तिमाही में 22% बढ़कर 1,516.28 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,242.27 करोड़ रुपये था। कंपनी ने एक बयान में कहा कि आवासीय घरों की मांग आगे भी टिकाऊ बने रहने की उम्मीद है। हालांकि इस दौरान लग्जरी घरों की मांग भी तेजी से बढ़ी है और आगे भी इसके जारी रहने की उम्मीद है।

डीएलएफ (DLF) ने बताया कि आवासीय बिजनेस का प्रदर्शन इस तिमाही में मजबूत बना रहा और उसे नई सेल्स बुकिंग्स से जून तिमाही में 2,040 करोड़ रुपये की आमदनी हुई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में हुई आमदनी से करीब 101 फीसदी अधिक है।


यह भी पढ़ें- कनिका टेकरीवाल: कैंसर को हरा महज 33 साल की उम्र में खड़ा किया अरबों रुपये का कारोबार, बनीं देश की सबसे कम उम्र की अमीर महिला

DLF के अनुसार, कंपनी की लग्जरी परियोजना ‘द कैमेलियास’ ने जून तिमाही के दौरान बिक्री बुकिंग में 352 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। वहीं इसके नए प्रोडक्ट ऑफर्स भी बाजार में हलचल पैदा करने में कामयबा रहे और कंपनी की आमदनी में इसका 1,532 करोड़ रुपये का योगदान रहा।

कंपनी ने जून तिमाही के दौरान 421 करोड़ रुपये की सरप्लस कैश पैदा किया जिसके चलते तिमाही के अंत में उसका नेट डेट घटकर 2,259 करोड़ रुपये रहा। DLF ने कहा, "होम लोन की ब्याज दरें बढ़ने से कुछ चुनौतियां पैदा सकती है, लेकिन हमें उम्मीद है कि आवासीय सेगमेंट में संरचनात्मक सुधार जारी रहेगा।"

इस बीच DLF के शेयर शुक्रवार को NSE पर 0.50% बढ़कर 383.90 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में DLF के शेयरों में करीब 22.77 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसकी कीमत करीब 13.70% फीसदी बढ़ी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।