Dr Reddy's Q1 results : Dr. Reddy's Laboratories ने 28 जुलाई को वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 जून 2022 को खत्म हुई इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 108.05 फीसदी बढ़कर 1188 करोड़ रुपये पर रहा है। बता दें कि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 571 करोड़ रुपये पर रहा था।
तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी के मुनाफे में कई गुना की बढ़ोतरी देखने को मिली है क्योंकि जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा सिर्फ 87.5 करोड़ रुपये पर रहा था। पिछली तिमाही के दौरान कंपनी को 751.5 करोड़ रुपये के इम्पेयरमेंट चार्ज (impairment charge)का प्रावधान करना पड़ा था। अगर इस चार्ज का प्रावधान नहीं करना होता तो जनवर-मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा 839 करोड़ रुपये रहा होता।
30 जून 2022 को समाप्त पहली तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर 6 फीसदी की बढ़त के साथ 5,215 करोड़ रुपये पर रही है जो कि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 4,919 करोड़ रुपये पर रही थी। तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी के आय में 4 फीसदी की मामूली गिरावट देखने को मिली है। जनवरी -मार्च तिमाही में कंपनी की आय 5,437 करोड़ रुपये पर रही थी।
साल-दर-साल आधार पर पहली तिमाही में कंपनी का एबिटडा 1019 करोड़ रुपये से बढ़कर 1779 करोड़ रुपये पर रहा है जबकि एबिटडा मार्जिन 20.7 फीसदी से बढ़कर 34.1 फीसदी पर आ गया।
30 जून 2022 को समाप्त तिमाही में कंपनी के नॉर्थ अमेरिकन कारोबार की आय सालाना आधार पर 2 फीसदी की बढ़त के साथ 17.8 अरब रुपये पर रही है। वहीं यूरोपियन कारोबार की आय सालाना आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 4.1 अरब रुपये पर रही है। जबकि भारतीय कारोबार की आय 26 फीसदी की बढ़त के साथ 13.3 अरब रुपये पर रही है।
दूसरी तरफ कंपनी की इमर्जिंग मार्केट के कारोबार की आय 1 फीसदी की गिरावट के साथ 9 अरब रुपये पर रही है। वहीं रूसी कारोबार की आय सालाना आधार पर 9 फीसदी की गिरावट के साथ 3.2 अरब रुपये पर रही है। कंपनी के रूसी कारोबार की आय में तिमाही आधार पर 53 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
कंपनी के भारतीय कारोबार की आय में तिमाही आधार पर 38 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है जबकि यूरोपियन कारोबार की आय में तिमाही आधार पर 7 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। इसी तरह नॉर्थ अमेरिकन कारोबार में भी तिमाही आधार पर 11 फीसदी की गिरावट आई है।