Havells India Q1 Results: हैवेल्स इंडिया ने गुरुवार 18 जुलाई को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 42 फीसदी बढ़कर 408 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 287.07 करोड़ रुपये था। हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई। मार्च तिमाही में हैवेल्स इंडिया का मुनाफा 446.7 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू जून तिमाही में 20 प्रतिशत बढ़कर 5,806.21 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 4,833.8 करोड़ रुपये था। मार्च तिमाही में कंपनी ने 5,442.02 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था।
जून तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA 7.8% गिरकर 576 करोड़ रुपये रहा। वहीं कंपनी का EBITDA मार्जिन भी 0.90 फीसदी गिरकर 9.9% फीसदी पर आ गया।
कंपनी ने कहा कि स्विचगियर्स में घरेलू ग्रोथ सालाना आधार पर 12% रही, हालांकि कुछ एक्सपोर्ट ऑर्डर अगली तिमाही में ट्रांसफर हो गए। कंपनी ने क्षमता की कमी के बावजूद पावर केबल्स सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ दर्ज की। हालांकि जून 2024 में कमोडिटी की कीमत में तेज गिरावट के साथ चैनल डिस्टॉकिंग से इसके वायर रेवेन्यू पर असर पड़ा।
हैवेल्स इंडिया ने भी लाइटिंग सेगमेंट में भी मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज किया, लेकिन कीमतों में गिरावट के कारण इस वॉल्यूम ग्रोथ का असर कम रहा।
नतीजों के बाद हैवेल्स इंडिया के शेयरों में भी तेजी आई और यह लाल निशान से हरे निशान में आ गए। NSE पर दोपहर 2.35 बजे के करीब, कंपनी के शेयर 1,909 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। दिन के निचले स्तर से कंपनी के शेयरों में करीब 4% से अधिक की तेजी आई है।