हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड (Hero MotoCorp Ltd) का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट जून तिमाही में सालाना आधार पर 131 प्रतिशत बढ़कर 590 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शुक्रवार 12 अगस्त को वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही (अप्रैल- जून तिमाही) के नतीजे जारी करते हुए यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 256 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि तिमाही आधार कंपनी इसमें 3.4 फीसदी की गिरावट आई है क्योंकि मार्च तिमाही में कंपनी का के कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 611 करोड़ रुपये रहा था।
हीरोमोटो कॉर्प दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी है। कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू जून तिमाही में सालाना आधार पर 54 फीसदी बढ़कर 8,448 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 5,503 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 12.7 फीसदी बढ़ा है और मार्च तिमाही में यह 7,497 करोड़ रुपये रहा था।
तिमाही नतीजों के ऐलान के बाद कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर, निरंजन गुप्ता ने कहा, "इंडस्ट्री के लिए इस वित्त वर्ष की शुरुआत सकारात्मक रही है और सिर्फ पिछले साल के मुकाबले ही नहीं बल्कि तिमाही आधार पर भी ग्रोथ में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।" उन्होंने आगे कहा, "ग्लोबल लेवल पर अर्थव्यवस्था महंगाई की चुनौती से जूझ रही है। हालांकि भारतीय इकोनॉमी इसके मुकाबले कहीं तेज रिकवरी और ग्रोथ के रास्ते पर बढ़ने के लिए बेहतर स्थिति में है।"
स्टैंडअलोन आधार पर, कंपनी का नेट प्रॉफिट जून तिमाही में सालाना आधार पर 71 फीसदी बढ़कर 625 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 365 करोड़ रुपये था। वहीं तिमाही आधार पर नेट प्रॉफिट लगभग सपाट रहा है।
स्टैंडअलोन आधार पर, कंपनी का रेवेन्यू जून तिमाही में सालाना आधार पर 53 फीसदी बढ़कर 8,393 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,487 करोड़ रुपये था। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में 13 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस बीच हीरो मोटोकॉर्प के शेयर शुक्रवार को NSE पर 0.98 फीसदी गिरकर 2,758.00 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 3.00 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक कंपनी के शेयर 11 फीसदी से अधिक चढ़ चुके हैं।